Last Updated:
Jamshespur Railway Station Holding Area Opened: टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए नया पैसेंजर होल्डिंग एरिया बनाया गया है. यहां 200 से अधिक कुर्सियां, पंखे, डिस्प्ले स्क्रीन और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. इससे लेट ट्रेन का इंतजार करना भी काफी सुविधाजनक हो गया है.
जमशेदपुर. ट्रेन का इंतजार करना अक्सर यात्रियों के लिए किसी परेशानी से कम नहीं होता. खासकर जब ट्रेन लेट हो जाए और स्टेशन पर बैठने की पर्याप्त व्यवस्था न हो. लेकिन अब टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की इस परेशानी को दूर करने के लिए भारतीय रेलवे की ओर से एक अच्छी पहल की गई है. स्टेशन परिसर में पैसेंजर होल्डिंग एरिया तैयार किया गया है, जहां यात्रियों के बैठने से लेकर आराम करने तक की काफी बेहतर व्यवस्था की गई है.
इसकी सबसे खास बात है कि यहां एक बड़ा और खूबसूरत टेंट बनाया गया है, जिसके अंदर करीब 200 से अधिक कुर्सियां लगाई गई हैं. साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए 15 से 20 पंखे भी लगाए गए हैं, ताकि लोग ट्रेन का इंतजार करते समय आराम से बैठ सकें.
पूछताछ के लिए नहीं लगाना पड़ता प्लेटफॉर्म का चक्कर
इस होल्डिंग एरिया में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चार बड़े डिस्प्ले स्क्रीन भी लगाए गए हैं. इन स्क्रीन पर ट्रेनों के आने-जाने और समय से जुड़ी जानकारी मिलती रहती है. इससे यात्रियों को बार-बार प्लेटफॉर्म या पूछताछ काउंटर का चक्कर नहीं लगाना पड़ता. वहीं सुरक्षा के लिहाज से यहां आरपीएफ के जवानों की तैनाती की गई है और सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं. खासकर जिन यात्रियों की ट्रेन लेट है या जो अपने परिजनों को स्टेशन छोड़ने और लेने आए हैं, उनके लिए यह जगह काफी सुविधाजनक साबित हो रही है.
ऐसी सुविधा कई स्टेशनों पर नहीं मिलती
पैसेंजर होल्डिंग एरिया में मौजूद यात्रियों ने भी रेलवे की इस व्यवस्था की जमकर तारीफ की. राहुल ने बताया कि पहले ट्रेन लेट होने पर प्लेटफॉर्म पर काफी देर तक खड़े रहना पड़ता था, लेकिन अब बैठने की अच्छी व्यवस्था मिल गई है. मोहित ने कहा कि ऐसी सुविधा कई स्टेशनों पर देखने को नहीं मिलती. भारतीय रेलवे की यह पहल काफी अच्छी है. वहीं सुरेश का कहना था कि चार बड़ी स्क्रीन होने से ट्रेन की टाइमिंग आसानी से पता चल जाती है और बार-बार किसी से पूछने की जरूरत नहीं पड़ती.
परिवार के साथ सफर करने वालों को ज्यादा आराम
वसीम ने बताया कि बाहर की खुली हवा और बैठने की व्यवस्था काफी अच्छी लग रही है. मधु ने कहा कि परिवार के साथ सफर करने वाले यात्रियों, खासकर बुजुर्गों और बच्चों के लिए यह सुविधा काफी राहत देने वाली है. वहीं प्रिया ने बताया कि वह अपने परिजनों को लेने आई हैं और ट्रेन का इंतजार करते हुए यहां आराम से बैठ सकती हैं. उनके मुताबिक स्टेशन पर इस तरह की व्यवस्था होना यात्रियों के लिए बहुत जरूरी है.
सफर का अनुभव बन रहा खास
टाटानगर रेलवे स्टेशन का यह पैसेंजर होल्डिंग एरिया यात्रियों के लिए एक अच्छी सुविधा बनकर सामने आया है. ट्रेन लेट होने पर अब यात्रियों को इधर-उधर भटकने या खड़े होकर इंतजार करने की मजबूरी नहीं होगी. बैठने की व्यवस्था, पंखे, ट्रेन की जानकारी देने वाली स्क्रीन और सुरक्षा के इंतजाम इस पहल को खास बनाते हैं. यात्रियों की प्रतिक्रिया भी यही बताती है कि रेलवे की ओर से की गई यह छोटी-सी पहल सफर के अनुभव को काफी बेहतर बना सकती है.
About the Author
Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…