देवघर. देवघर में आज के समय में कई ऐसे किसान और पशुपालक हैं, जो अपने घर की जरूरत पूरी करने के साथ-साथ अतिरिक्त कमाई करने के लिए गाय या भैंस पालते हैं. कुछ लोग एक या दो पशु रखकर घर में दूध की जरूरत पूरी करते हैं, तो कई लोग दूध बेचकर हर महीने अच्छी कमाई भी करते हैं. लेकिन पशुपालन शुरू करने से पहले सबसे बड़ी चुनौती होती है एक अच्छी दुधारू गाय या भैंस खरीदना. अक्सर पशुपालक मंडी में जाते हैं और पशु की लंबाई, मोटाई और शरीर देखकर उसे खरीद लेते हैं.
कई बार बेचने वाला भी पशु की ज्यादा उम्र छिपाकर उसे कम उम्र का बताता है और ज्यादा दूध देने का दावा करता है. ऐसे में पशुपालक बिना सही जानकारी के गाय या भैंस खरीद लेते हैं और बाद में उन्हें नुकसान उठाना पड़ता है. कई बार उम्मीद के मुताबिक दूध नहीं मिलता और पशु खरीदने में लगाई गई मोटी रकम भी फंस जाती है.
क्या कहती हैं पशु चिकित्सक
इसी को लेकर देवघर के कृषि विज्ञान केंद्र में पदस्थापित पशु चिकित्सक सह प्रमुख डॉ. पूनम सोरेन ने लोकल 18 से बातचीत करते हुए पशुपालकों को कुछ जरूरी बातें बताई हैं. उन्होंने बताया कि अगर कोई किसान दूध उत्पादन या दूध का व्यापार करने के उद्देश्य से गाय या भैंस खरीदने जा रहा है तो सबसे पहले पशु की उम्र पर ध्यान देना चाहिए. हमेशा कम उम्र के पशु खरीदने की कोशिश करनी चाहिए, क्योंकि कम उम्र के पशु से लंबे समय तक दूध उत्पादन की उम्मीद रहती है.
पशु की उम्र का अंदाजा उसके दांत देखकर आसानी से लगाया जा सकता है. इसके लिए पशुपालकों को दांतों की पहचान करना आना चाहिए. जब गाय या भैंस लगभग एक साल की होती है तो उसके दूध के दांत होते हैं. वहीं करीब दो साल की उम्र में उसके दो स्थायी दांत दिखाई देने लगते हैं और ढाई से तीन साल की उम्र में चार स्थायी दांत हो जाते हैं. ऐसे में दांतों की संख्या देखकर पशुपालक पशु की उम्र का मोटा-मोटा अंदाजा लगा सकते हैं.
दांत, थन और पैर देखकर ही खरीदें पशु
डॉ. पूनम सोरेन के मुताबिक, अगर कोई पशुपालक दूध उत्पादन के लिए गाय या भैंस खरीद रहा है तो उसे चार स्थायी दांत वाले पशु को खरीदने से पहले उसकी उम्र और दूध देने की क्षमता की अच्छी तरह जांच करानी चाहिए. सिर्फ बेचने वाले की बातों पर भरोसा करके पशु खरीदना समझदारी नहीं है. इसके अलावा पशु का थन भी जरूर देखना चाहिए.
जिस गाय या भैंस का थन अच्छी तरह फैला हुआ हो और चारों थन सामान्य स्थिति में हों, उसे प्राथमिकता देनी चाहिए. साथ ही पशु के पिछले दोनों पैर मजबूत, गठीले और चौड़े होने चाहिए. इससे पशु के शरीर की बनावट और खड़े होने की स्थिति का अंदाजा मिलता है. पशु खरीदते समय उसकी चाल, शरीर की स्थिति और सामान्य स्वास्थ्य पर भी ध्यान देना काफी जरूरी है.
पशु की आंखों पर भी दें ध्यान
उन्होंने आगे बताया कि पशु की आंखें देखकर भी उसके स्वास्थ्य के बारे में कुछ अंदाजा लगाया जा सकता है. अगर पशु की आंखें साफ, चमकदार और सामान्य दिखाई देती हैं तो यह उसके अच्छे स्वास्थ्य का संकेत हो सकता है. वहीं आंखों की पलक और अंदरूनी हिस्से में असामान्य पीलापन या बहुत ज्यादा सफेदी दिखाई दे तो पशु में खून की कमी यानी हीमोग्लोबिन कम होने की आशंका हो सकती है. ऐसे पशु को खरीदने से पहले पशु चिकित्सक से जांच जरूर करानी चाहिए. क्योंकि पशु में खून की कमी होने पर उसकी सेहत और दूध उत्पादन दोनों प्रभावित हो सकते हैं.
दुधारू पशु खरीदते वक्त जरूर रखें इन बातों का ध्यान
इसलिए अगर आप भी घर में गाय या भैंस रखकर दूध उत्पादन करना चाहते हैं या दूध बेचकर कमाई करने की योजना बना रहे हैं तो पशु मंडी में जल्दबाजी बिल्कुल न करें. गाय या भैंस खरीदने से पहले उसके दांत, थन, पैर और आंखों को अच्छी तरह देखें. साथ ही पशु कितना दूध देता है, इसकी जानकारी केवल विक्रेता से न लें, बल्कि अपने सामने दूध निकलवाकर भी जांच करें. जरूरत पड़ने पर पशु चिकित्सक की सलाह लें. थोड़ी सी सावधानी आपको ठगी से बचा सकती है और पशुपालन के कारोबार में होने वाले बड़े नुकसान से भी बचा सकती है.