भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

रांची में दिवाली के बाद हवा बिगड़ी:धुर्वा में AQI 193, दीपाटोली में...




पिछले साल की तुलना में इस बार दिवाली के बाद रांची की हवा की गुणवत्ता को लेकर सामने आए आंकड़े कुछ राहत देने वाले हैं। हालांकि, दिवाली के बाद इस साल भी शहर में प्रदूषण बढ़ने का रुझान दिख रहा है। सोमवार को उपलब्ध रियल-टाइम आंकड़ों के अनुसार, धुर्वा सेक्टर-2 में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 193 दर्ज किया गया। दीपाटोली में 191, धुमसाटोली और गांधी नगर कॉलोनी में 189, जबकि कोकर चौक में 186 एक्यूआई रिकॉर्ड हुआ। यानी शहर के कई इलाकों में एक्यूआई 190 के आसपास पहुंच गया है। आंकड़ों के मुताबिक, 7 नवंबर को रांची का एक्यूआई 142 से 152 के बीच था। 8 नवंबर को यह बढ़कर 156 से 164 तक पहुंच गया। वहीं, 9 नवंबर को अलग-अलग इलाकों और समय पर दर्ज रियल-टाइम रीडिंग 163 से 193 के बीच रही। इससे तीन दिनों में प्रदूषण बढ़ने का रुझान सामने आया है। अस्थमा मरीजों, बच्चों और बुजुर्गों को सावधानी जरूरी: केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के राष्ट्रीय एक्यूआई मानकों के अनुसार, 101 से 200 तक का स्तर मध्यम श्रेणी में आता है। इस स्तर की हवा से अस्थमा और फेफड़ों की बीमारी से पीड़ित लोगों को सांस लेने में परेशानी हो सकती है। बच्चों, बुजुर्गों और हृदय रोगियों को भी सावधानी बरतने की जरूरत है। प्रदूषण बढ़ने पर लंबे समय तक खुले में दौड़ने और तेज व्यायाम करने से बचें। सांस लेने में परेशानी या अन्य लक्षण महसूस होने पर गतिविधि रोककर चिकित्सकीय सलाह लें। घर के आसपास धूल उड़ने से रोकें और कचरा खुले में न जलाएं। पिछले साल अलबर्ट एक्का चौक पर पीएम2.5 का स्तर 215.32 पहुंचा था 2025 में भी दीपावली के दौरान रांची की हवा में प्रदूषण काफी बढ़ा था। झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, 20 अक्टूबर 2025 को अलबर्ट एक्का चौक पर पीएम10 का स्तर 384.32 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया था। बिरसा चौक पर यह 327.97 रहा था। वहीं, अल्बर्ट एक्का चौक पर पीएम2.5 का स्तर 215.32 और बिरसा चौक पर 209.19 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर पहुंच गया था। अगले दिन यानी 21 अक्टूबर को रांची का एक्यूआई 170 दर्ज किया गया था। पीएम 2.5 के महीन कण फेफड़ों तक पहुंचते हैं पीएम2.5 बेहद छोटे प्रदूषक कण होते हैं, जो सांस के साथ फेफड़ों के भीतर तक पहुंच सकते हैं। दिवाली पर पटाखों से निकलने वाला धुआं प्रदूषण बढ़ाने वाले कारकों में शामिल हो सकता है। हालांकि, वाहनों का धुआं, निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल और मौसम की स्थिति भी वायु गुणवत्ता को प्रभावित करती है। इसलिए प्रदूषण बढ़ने के लिए केवल आतिशबाजी को जिम्मेदार नहीं माना जा सकता।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top