Last Updated:
आजकल बदलते समय के साथ अगर खेती-किसानी को मुनाफे का सौदा बनाना है तो लोगों को स्मार्ट तरीके से खेती करना होगा. ऐसा ही एक स्मार्ट तरीका आज हम आपको बताने जा रहे हैं. इसके लिए हमने एक ही कमरे में ऑयस्टर और बटन मशरूम उगाने वाले देवघर के मशरूम एक्सपर्ट रंजीत झा से जानकारी ली.
देवघर: अगर आप मशरूम की खेती शुरू करना चाहते हैं, लेकिन आपके पास ज्यादा जगह नहीं है तो यह खबर आपके काम की है. दरअसल, मशरूम की खेती में अब किसान एक ही कमरे का इस्तेमाल करके दो अलग-अलग किस्म के मशरूम उगा सकते हैं. इसके लिए जरूरी नहीं है कि हर किस्म के लिए अलग-अलग कमरा बनाया जाए. हालांकि, इसमें एक बात का खास ध्यान रखना पड़ता है और वह है तापमान. क्योंकि मशरूम की हर किस्म को उगाने के लिए अलग-अलग तापमान और नमी की जरूरत होती है. ऐसे में अगर आप बिना जानकारी के दो किस्मों को एक साथ उगाते हैं तो नुकसान भी उठाना पड़ सकता है. सही जानकारी और थोड़ी मेहनत से कम जगह में भी मशरूम की दो किस्मों का उत्पादन किया जा सकता है.
क्या कहते हैं मशरुम एक्सपर्ट
देवघर के मशरूम एक्सपर्ट रंजीत झा बताते हैं कि मशरूम की अलग-अलग किस्मों के लिए अलग-अलग तापमान की जरूरत होती है. कुछ मशरूम ऐसी हैं, जिनके उत्पादन के लिए जरूरी तापमान में ज्यादा अंतर नहीं होता है. ऐसी किस्मों को एक ही कमरे में उगाना संभव है. हालांकि, इसके लिए कमरे के तापमान और नमी पर लगातार नजर रखनी पड़ती है. अभी नवंबर का महीना चल रहा है और ठंड की शुरुआत हो चुकी है. ऐसे मौसम में किसान ऑयस्टर और बटन मशरूम को एक ही कमरे में उगाने की कोशिश कर सकते है. दोनों की जरूरतों में कुछ अंतर होने के कारण थोड़ी परेशानी जरूर आएगी, लेकिन सही व्यवस्था और मेहनत से दोनों का उत्पादन किया जा सकता है.
दोनों मशरुम को उगाने में रखें ध्यान
रंजीत झा के मुताबिक, किसानों को सबसे पहले यह समझना होगा कि ऑयस्टर और बटन मशरूम के उत्पादन के लिए कमरे का वातावरण किस तरह बनाए रखना है. एक तरफ तापमान को नियंत्रित करना होगा तो दूसरी तरफ नमी का भी ध्यान रखना पड़ेगा. कमरे में दोनों किस्मों के बैग और उत्पादन की व्यवस्था इस तरह करनी होगी कि उनकी अलग-अलग जरूरतों को पूरा किया जा सके. इसका यह फायदा होगा की अगर एक किस्म मशरुम का उत्पादन ख़राब होता है आपको दूसरे से मुनाफा मिलता रहेगा.
200 से 300 बैग में कमा सकते हैं अच्छा खासा मुनाफा
सबसे खास बात यह है कि इसके लिए किसानों को बड़े खेत या लाखों रुपये के निवेश की जरूरत नहीं है.एक सामान्य कमरे में भी सीमित स्तर पर मशरूम उत्पादन शुरू किया जा सकता है.उदाहरण के तौर पर, एक कमरे में 200 से 300 बैग रखकर उत्पादन की व्यवस्था की जा सकती है.रंजीत झा के बताए अनुमान के मुताबिक, सही उत्पादन और बाजार में बिक्री होने पर हर दो से तीन महीने के चक्र में करीब 20 हजार से 35 हजार रुपये तक शुद्ध लाभ की संभावना हो सकती है. हालांकि, वास्तविक कमाई मशरूम की किस्म, उत्पादन, लागत और बाजार में मिलने वाली कीमत पर निर्भर करेगी.
किसान एक कमरे में दो मशरुम उत्पादन का ले सकते हैं लाभ
जो किसान कम जमीन होने की वजह से खेती का कोई नया विकल्प तलाश रहे हैं, उनके लिए मशरूम उत्पादन अच्छा मौका बन सकता है. खासकर ग्रामीण इलाकों में रहने वाले युवा और छोटे किसान खाली पड़े कमरे का इस्तेमाल करके इस काम की शुरुआत कर सकते हैं. जरूरत है तो बस सही किस्म का चुनाव करने, तापमान और नमी की जानकारी रखने और बाजार की व्यवस्था पहले से करने की. यानी एक ही कमरे में दो तरह के मशरूम उगाने की यह तकनीक किसानों के लिए कम जगह में अतिरिक्त कमाई का रास्ता खोल सकती है.
About the Author
जी न्यूज, इंडिया डॉट कॉम, लोकमत, इंडिया अहेड, न्यूज बाइट्स के बाद अब न्यूज 18 के हाइपर लोकल सेगमेंट लोकल 18 के लिए काम कर रहा हूं. विभिन्न संस्थानों में सामान्य खबरों के अलावा टेक, ऑटो, हेल्थ और लाइफ स्टाइल बीट…