Last Updated:
कुलगाम में आतंकियों ने सीआरपीएफ के जवानों पर अचानक हमला कर बड़ा नुकसान पहुंचाने की साजिश रची थी. दोपहर 2:06 बजे आतंकियों ने ऑटोमैटिक हथियारों से फायरिंग शुरू कर दी. हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान जख्मी हो गए. जख्मी होने के बावजूद जवानों ने जवाबी फायरिंग जारी रखी. मौके पर मौजूद जवानों की सतर्कता और तत्काल कार्रवाई से आतंकी पीछे हटने और भागने पर मजबूर हो गए.
कुलगाम में सीआरपीएफ के जांबाजों ने आतंकियों के असल मंसूबों पर पानी फेर दिया है. (Image: PTI)
True Story Behind Attack on CRPF Personnel: कुलगाम में आतंकियों ने जिस मंसूबे के साथ गोलीबारी की वारदात को अंजाम दिया था, सीआरपीएफ के जांबाजों की चौकसी के चलते असल में वह धरा का धरा रह गया. आतंकियों ने सोचा था कि अचानक हमला करके सुरक्षाबलों को बड़ा नुकसान पहुंचाएंगे और घाटी में लंबे समय से पसरे सन्नाटे को गोलियों की तड़तड़ाहट से तोड़कर अपनी मौजूदगी को एक बार फिर दर्ज करा देंगे. लेकिन इस बार आतंकियों का सामना ऐसी तैयारी से हुआ, जिसने उनका पूरा खेल बिगाड़ दिया.
दरअसल, कुलगाम में रोज की तरफ सीआरपीएफ के जवान नाके में तैनात थे. अचानक ऑटोमैटिक हथियारों से लैस आतंकियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. ऑटोमैटिक हथियारों से निकली गोलियों की आवाज से पूरे इलाका दहल उठा. हमला भले ही अचानक था, लेकिन सीआरपीएफ के जांबाजों ने आतंकियों को जवाब देने में एक पल भी नहीं गंवाया. आतंकी हमले में जख्मी होने के बावजूद मौके जवानों ने अपनी हिम्मत नहीं छोड़ी. जवानों ने अपने जख्म की परवाह किए बगैर आतंकियों पर जवाबी फायरिंग शुरू कर दी.
सीआरपीएफ के इस पलटवार का अंदेशा आतंकियों को नहीं था. इसका नतीजा यह हुआ कि आतंकियों को आगे बढ़ने का एक भी मौका नहीं मिला. मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों में भी सीआरपीएफ के जांबाजों की जवाबी कार्रवाई का पूरा पूरा घटनाक्रम कैद हुआ है. इसी बीच, घटनास्थल से कुछ ही मीटर की दूरी पर मौजूद सीआरपीएफ कैंप को हमले की सूचना दी गई. आतंकी कुछ देर तक लगातार गोलीबारी कर कैंप की तरफ बढ़ने की कोशिश करते रहे, लेकिन जबरदस्त जवाबी कार्रवाई के चलते वह अपने कदम आगे नहीं बढ़ा सके. अंत में उन्हें अपनी जान बचाकर भागना पड़ा.
पहले ही मिल गया था आतंकी मूवमेंट का इनपुट
इस हमले की सबसे अहम बात यह है कि सुरक्षाबल पहले से ही सतर्क थे. अधिकारियों के मुताबिक, कुछ सप्ताह पहले ही इंटेलिजेंस इनपुट मिला था कि इलाके में संदिग्ध आतंकियों की मूवमेंट हो सकती है. इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस और इलाके में तैनात सुरक्षा बलों को अलर्ट कर दिया गया था. आज आतंकियों ने भले ही अचानक हमला करने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां इससे पूरी तरह बेखबर नहीं थीं. इलाके में पहले से अलर्ट था और जवान किसी भी संदिग्ध गतिविधि से निपटने के लिए तैयार थे.
बड़ा नुकसान करना चाहते थे आतंकी, मंसूबे किए फेल
सीआरपीएफ के सीनियर ऑफिसर के अनुसार, हमले के तरीके से साफ संकेत मिलता है कि आतंकियों का मकसद मौके पर मौजूद सुरक्षाबलों को ज्यादा से ज्यादा नुकसान पहुंचाना था. उन्होंने अचानक ऑटोमैटिक हथियारों से फायरिंग कर सीआरपीएफ जवानों को निशाना बनाया. लेकिन जवाबी कार्रवाई इतनी तेजी से हुई कि आतंकियों को अपनी स्थिति संभालने और हमले को आगे बढ़ाने का मौका ही नहीं मिला. जवानों की जवाबी फायरिंग शुरू होते ही आतंकी पीछे हटने पर मजबूर हो गए. सुरक्षाबलों ने भी तुरंत खुद को रिग्रुप किया और जवाबी फायरिंग जारी रखी. नतीजा यह रहा कि आतंकी बिना किसी लंबी मुठभेड़ के मौके से भाग निकले.
जवानों की छोटी सी चूक करा सकती थी बड़ा नुकसान
अधिकारियों का कहना है कि अगर मौके पर तुरंत जवाबी फायरिंग नहीं होती तो यह हमला कहीं ज्यादा बड़ा रूप ले सकता था. आतंकियों की योजना ज्यादा से ज्यादा कैजुअल्टी करने की थी, लेकिन सीआरपीएफ जवानों के पलटवार ने उनकी साजिश पर पानी फेर दिया. आशंका जताई जा रही है कि आतंकी इन जवानों को निशाना बनाकर सीआरपीएफ कैंप की तरफ बढ़ सकते थे. अगर आतंकी अपने इस मंसूबे में सफल हो जाते तो एक आतंकी वारदात को अंजाम देने में सफल हो सकते थे. लेकिन, सीआरपीएफ के जवानों की चौकसी के चलते वह अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके.
घाटी में शांति से बौखलाए आतंकी?
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि घाटी में आतंकियों की भर्ती कम होने और लंबे समय से बने अपेक्षाकृत शांत माहौल ने आतंकी संगठनों की मुश्किल बढ़ा दी है. ऐसे में वे अपनी मौजूदगी दिखाने के लिए छिटपुट हमलों का सहारा लेने की कोशिश कर रहे हैं. कुलगाम का यह हमला भी इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है. आतंकियों की कोशिश थी कि अचानक हमला करके सुरक्षाबलों को बड़ा नुकसान पहुंचाया जाए और फिर इस वारदात के जरिए घाटी में अपनी मौजूदगी का संदेश दिया जाए.