Last Updated:
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के संस्थापक इमरान खान के लिए अच्छी खबर आई है. पाकिस्तान की जेल में बंद इमरान खान की दो बहनों को रिहा करने का आदेश दिया गया है. जानें इस फैसले के बाद इमरान खान के प्रशंसकों ने क्या कहा?
इमरान खान.
लाहौर. पाकिस्तान की जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की दो बहनों को रिहा कर दिया गया है. पंजाब सरकार द्वारा उनकी हिरासत के आदेश वापस लिए जाने के बाद बृहस्पतिवार को रिहा कर दिया गया. विपक्षी दल पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के नेताओं ने यह जानकारी दी. पीटीआई के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व संघीय मंत्री मूनिस इलाही ने एक बयान में कहा कि आखिरकार कुछ अच्छी खबर मिली. उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की दो बहनों डॉ. उज्मा खान और नोरीन नियाजी को पंजाब सरकार द्वारा हिरासत के आदेश वापस लिए जाने के बाद कोट लखपत जेल से रिहा कर दिया गया.
हालांकि, उन्होंने कहा कि खान की बड़ी बहन अलीमा खान अब भी सलाखों के पीछे हैं. उन्होंने कहा, ‘’उम्मीद है कि अलीमा साहिबा और खान की पत्नी बुशरा बीबी को भी जल्द ही रिहा कर दिया जाएगा.’ पीटीआई के एक अन्य वरिष्ठ नेता जुल्फी बुखारी ने कहा, ‘‘दो बहनों की रिहाई से अन्याय खत्म नहीं हो जाता और न ही इमरान खान के परिवार को दी गई यातनाएं मिट जाती हैं. हमारी मांग स्पष्ट है कि कोई चुनिंदा राहत नहीं, कोई डराना-धमकाना नहीं और आगे कोई उत्पीड़न नहीं.’’
इमरान खान की बहन को आया हार्ट अटैक (रॉयटर्स)
इमरान खान की दो बहनों को जेल से रिहा करने का आदेश
खान की तीनों बहनों को सितंबर में एक सुरक्षा कानून के तहत हिरासत में लिया गया था, ताकि उन्हें खान की रिहाई के लिए देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के वास्ते लोगों को लामबंद करने से रोका जा सके. हाल के दिनों में पाकिस्तान में पीटीआई का जबरदस्त विरोध प्रदर्शन हो रहा है. पीटीआई के लाखों कार्यकर्ता इस्लामाबाद की तरह रुख कर रहे थे, जिसे कुछ दिनों के लिए टाल दिया गया.
इमरान खान की कब होगी रिहाई और कब से जेल में हैं?
पीटीआई के 74 वर्षीय संस्थापक 2023 से जेल में बंद हैं और उन पर भ्रष्टाचार एवं हिंसा भड़काने से जुड़े आरोपों सहित 100 से अधिक मामले दर्ज हैं. उनकी पत्नी बुशरा बीबी को 17 जनवरी 2025 को एक अलग मामले में गिरफ्तार किया गया था, जिसमें दंपति को सजा सुनाई गई थी.
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान 5 अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं. 9 मई 2023 को उन्हें इस्लामाबाद हाईकोर्ट परिसर से अल-कादिर ट्रस्ट मामले में अर्धसैनिक बलों द्वारा गिरफ्तार किया गया था, हालांकि बाद में सुप्रीम कोर्ट ने इस गिरफ्तारी को अवैध करार दिया था. लेकिन 5 अगस्त 2023 को तोशाखाना भ्रष्टाचार मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद उन्हें दोबारा से लाहौर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया गया था. इस दूसरी गिरफ्तारी के बाद से ही वे लगातार जेल में बंद हैं. फिलहाल वह रावलपिंडी की अडियाला जेल में बंद हैं.