बोकारो | बालीडीह थाना क्षेत्र के गोविंद मार्केट के पास हनुमान पंचमुखी मंदिर के सामने मंगलवार की रात मेला देखने जा रहे दो भाइयों पर कुछ युवकों ने जानलेवा हमला दिया। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में सिजुआ निवासी विवेक कुमार तुरी ने शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस को बताया कि वह अनुसूचित जाति वर्ग से आता है। 10 नवंबर की रात करीब 11 बजे वह अपने भाई विकास कुमार के साथ मेला देखने जा रहा था। आरोप है कि मंदिर के सामने अंकुर टोला और बाबू टोला के युवकों ने दोनों भाइयों को रोककर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। इस मारपीट में विवेक का सिर फट गया और दोनों भाई गंभीर चोट लगने से अचेत हो गए। मौके पर मौजूद दोस्तों ने बीच-बचाव कर दोनों घायलों को बाहर निकाला। पीड़ित ने वीरेंद्र सिंह उर्फ पिन्टू, कलेश्वर सिंह, आनंद सिंह, कृष्णा सिंह और गणपत सिंह को नामजद आरोपी बनाया है।
Source link