Last Updated:
पुदुमदम इमरान पर मानव तस्करी का गंभीर आरोप है. भारतीय जांच एजेंसियां लंबे समय से उसकी तलाश में भी. इंटरपोल ने उसके खिलाफ रेड नोटिस भी जारी किया था. अब श्रीलंका ने उसे अरेस्ट भारत भेजा है.
श्रीलंका मानव तस्करी मामले में NIA ने प्रत्यर्पित आरोपी को बेंगलुरु एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया है. इंटरपोल ने रेड नोटिस जारी किया था. (फाइल फोटो)
बेंगलुरु. राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने श्रीलंका से जुड़े मानव तस्करी के एक बड़े मामले में फरार चल रहे आरोपी पुदुमदम इमरान (A-15) को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी को श्रीलंका से भारत प्रत्यर्पित किए जाने के बाद बेंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया. वह लंबे समय से जांच एजेंसी की गिरफ्त से बच रहा था. उसके खिलाफ NIA के अनुरोध पर इंटरपोल ने रेड नोटिस जारी किया था. हाल के दिनों में कई मोस्ट वॉन्टेड अपराधियों को प्रत्यर्पित कर उन्हें भारत लाया गया है.
जांच एजेंसी के मुताबिक, इंटरपोल के रेड नोटिस के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया गया था. इसके बाद श्रीलंकाई अधिकारियों ने उसे भारत वापस भेज दिया. भारत पहुंचते ही NIA की टीम ने बेंगलुरु एयरपोर्ट पर उसे गिरफ्तार कर लिया. एजेंसी अब उससे पूछताछ कर मानव तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और उनकी भूमिका के बारे में जानकारी जुटा रही है.
गजब की रचता था साजिश
NIA की जांच में सामने आया है कि पुदुमदम इमरान श्रीलंका के नागरिकों को वैध दस्तावेजों के आधार पर कनाडा भेजने का झांसा देकर मानव तस्करी की साजिश में सक्रिय रूप से शामिल था. वह विदेश भेजने का भरोसा दिलाकर पीड़ितों के परिवारों और रिश्तेदारों से मोटी रकम वसूलता था. जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी हवाला के जरिए भारत में मौजूद अपने सह-आरोपियों को पैसे भेजता था. इस रकम का इस्तेमाल श्रीलंका से लोगों को भारत लाने, उनकी तस्करी करने और उन्हें अवैध रूप से बंधक बनाकर रखने के लिए किया जाता था.
मंगलुरु में छापेमारी से खुला था मामला
मानव तस्करी का यह मामला कर्नाटक के मंगलुरु में स्थानीय पुलिस की छापेमारी के बाद सामने आया था. पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ स्थानों पर श्रीलंका के नागरिकों को बिना वैध दस्तावेजों के रखा गया है. इसके बाद छापेमारी कर कई श्रीलंकाई नागरिकों को बरामद किया गया था. शुरुआत में इस मामले में IPC, विदेशी नागरिक अधिनियम और पासपोर्ट अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत FIR नंबर 103/2021 दर्ज की गई थी. बाद में 13 जुलाई 2021 को NIA ने जांच अपने हाथ में लेते हुए RC-17/2021/NIA/DLI के तहत नया मामला दर्ज किया. इसमें आपराधिक साजिश, मानव तस्करी और धोखाधड़ी से संबंधित IPC की धाराओं 120B, 370 और 420 के अलावा विदेशी नागरिक अधिनियम की धारा 14 तथा पासपोर्ट अधिनियम की धारा 12(1A) लगाई गईं.
पहले भी गिरफ्तार हो चुके हैं दो आरोपी
इस मामले में पुदुमदम इमरान से पहले दो अन्य फरार आरोपियों सीनि आबुल खान (A-9) और इमरान खान (A-7) को गिरफ्तार किया जा चुका है. सीनि आबुल खान की गिरफ्तारी 2024 में हुई थी, जबकि इमरान खान को 2025 में पकड़ा गया था. दोनों फिलहाल बेंगलुरु स्थित NIA की विशेष अदालत में मुकदमे का सामना कर रहे हैं. गिरफ्तारी को इस मानव तस्करी नेटवर्क की जांच में अहम सफलता माना जा रहा है.
About the Author
बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से प्रारंभिक के साथ उच्च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें