![]()
झारखंड में छठ महापर्व के दौरान मौसम सामान्य रहने की संभावना है। 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर को सुबह के अर्घ्य के समय बारिश की आशंका नहीं है। हालांकि, सुबह के समय हल्की धुंध और ठंड श्रद्धालुओं को परेशान कर सकती है। दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने से राहत मिलेगी। इधर, राजधानी रांची में तापमान फिर गिरा है। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 0.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे आया है। शुक्रवार को रांची का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 14.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आज राज्य के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है। सुबह 10 जिलों में कोहरे का असर मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार सुबह राज्य के कई जिलों में हल्का कोहरा और धुंध देखने को मिला। रांची, पलामू, हजारीबाग, बोकारो, धनबाद, रामगढ़, गिरिडीह, कोडरमा, चतरा और गढ़वा में सुबह कोहरे का असर देखने को मिला। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होने और धूप निकलने का अनुमान है। रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, पलामू, हजारीबाग, देवघर, दुमका, गिरिडीह और गुमला में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। फिलहाल राज्य में बारिश या आंधी-तूफान को लेकर कोई बड़ी चेतावनी नहीं है। धनबाद-जमशेदपुर की हवा सबसे ज्यादा प्रदूषित झारखंड में ठंड के साथ वायु प्रदूषण भी चिंता बढ़ा रहा है। धनबाद और जमशेदपुर में AQI 300 के पार पहुंच गया है। अनुमान के अनुसार, धनबाद का AQI 311, जमशेदपुर का 302 और रांची का करीब 201 रह सकता है। इससे इन शहरों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और सांस संबंधी परेशानी वाले लोगों को प्रदूषित हवा से बचाव करना चाहिए। तापमान की बात करें तो रांची में अधिकतम 27 और न्यूनतम 15 डिग्री, पलामू में 29 और 14 डिग्री, बोकारो में 29 और 15 डिग्री, जमशेदपुर में 30 और 18 डिग्री तथा हजारीबाग में 27 और 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। जमशेदपुर सबसे गर्म रह सकता है, जबकि पलामू में रात अपेक्षाकृत ठंडी रहेगी। छठ के दोनों अर्घ्य पर मौसम रहेगा सामान्य छठ महापर्व के दौरान मौसम श्रद्धालुओं का साथ दे सकता है। 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य के समय रांची में अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 15 डिग्री रहने का अनुमान है। जमशेदपुर में तापमान 31 और 18 डिग्री तक रह सकता है। पलामू और बोकारो में भी मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। 16 नवंबर को सुबह अर्घ्य के दौरान हल्की धुंध और ठंड महसूस हो सकती है। रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, देवघर, दुमका और हजारीबाग के घाटों पर मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है। वहीं, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र का झारखंड पर खास असर पड़ने की संभावना नहीं है। हालांकि, 19 और 20 नवंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।
Source link