![]()
हजारीबाग जिले के बरही में बाइक सवार दो अपराधियों ने एके पैलेस होटल पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। दोनों अपराधी अपाचे बाइक से पहुंचे थे। गोलियां चलाने के बाद मौके पर एक पर्चा फेंका और फरार हो गए। पर्चे पर ‘महाकाल राहुल दुबे गैंग’ का नाम लिखा हुआ है। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल नहीं हुआ। वारदात की जानकारी मिलते ही बरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पर्चे पर लिखा मिला ‘महाकाल राहुल दुबे गैंग’ पुलिस ने घटनास्थल से जो पर्चा बरामद किया है, उस पर महाकाल राहुल दुबे गैंग का नाम लिखा है। इससे वारदात के पीछे इसी गिरोह की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले हजारीबाग के एके इंटरनेशनल होटल पर भी इसी तरह फायरिंग हुई थी। उस घटना की जिम्मेदारी भी इसी गैंग ने ली थी। अब बरही के एके पैलेस होटल को निशाना बनाए जाने से रंगदारी और आपराधिक वर्चस्व को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लगातार दो होटल पर फायरिंग की घटनाओं ने जिले की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। 10 दिन पहले मिली थी धमकी एके पैलेस होटल के संचालक वीरेंद्र रजक ने बताया कि घटना से करीब 10 दिन पहले उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से धमकी मिली थी। संचालक के अनुसार, केदार यादव नामक व्यक्ति ने होटल को लेकर उन्हें देख लेने की चेतावनी दी थी। वीरेंद्र रजक ने आशंका जताई कि इसी धमकी के बाद उनके होटल पर फायरिंग कराई गई है। उन्होंने इस घटना में केदार यादव की भूमिका होने की आशंका भी जताई है। केदार यादव पिछला विधानसभा चुनाव बरही सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में लड़ चुके हैं। वर्तमान में उनके कांग्रेस से जुड़े होने की जानकारी दी गई है। CCTV फुटेज से पहचान में जुटी पुलिस, छापेमारी जारी घटना के बाद बरही पुलिस ने जांच तेज कर दी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अपराधी किस रास्ते से आए थे और फायरिंग के बाद किस दिशा में फरार हुए। बरही सीडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच कर रही है। जब्त पर्चे की सत्यता और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी जारी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
Source link