![]()
रेल टिकटों की कालाबाजारी के आरोप में आरपीएफ ने मुंबई के एक दलाल को गिरिडीह के मधुबन से गिरफ्तार किया है। उसके पास से 1.74 लाख रुपए मूल्य के 31 आरक्षित टिकट बरामद हुए हैं। इन टिकटों पर 117 यात्रियों का रिजर्वेशन कराया गया था। आरोपी की पहचान मुंबई निवासी भाविक जसवंत राय सूचक के रूप में हुई है। आरपीएफ की सीआईबी और गोमो पोस्ट की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से शुक्रवार को एक धर्मशाला में छापेमारी कर उसे पकड़ा। उसके पास से मोबाइल और 6,900 रुपए नकद भी मिले। धनबाद रेल मंडल में टिकट दलाली के मामले में इसे अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी बताया जा रहा है। हर टिकट पर जैन श्रद्धालुओं से 2-3 हजार रुपए अतिरिक्त वसूलता था : आरपीएफ की शुरुआती जांच में पता चला कि आरोपी हर महीने 3-4 बार मुंबई से मधुबन आता था और धर्मशाला में ठहरता था। वहां के कर्मचारियों के जरिए जैन श्रद्धालुओं से संपर्क कर उनके नाम पर ओपनिंग आरक्षित टिकट बनवाता था। इसके बदले प्रति टिकट 2-3 हजार रुपए अतिरिक्त वसूलता था। तलाशी में उसके पास आईआरसीटीसी का अधिकृत एजेंट होने का कोई दस्तावेज नहीं मिला। पूछताछ में उसने बताया कि टिकट मधुबन के रेलवे आरक्षण काउंटर से बनवाए गए थे। आरपीएफ अब उसके संभावित गिरोह और नेटवर्क की जांच कर रही है।
Source link