Last Updated:
जुगाड़ से जैकपॉट की चौथी कड़ी: दुनिया में तमाम ऐसे कारोबार हैं, जो सिर्फ आइडिया पर खड़े हुए हैं और सफलतापूर्वक चल रहे हैं. ऐसी ही एक कंपनी है Flyrobe, जिसे आईआईटी बॉम्बे के पूर्व छात्रों ने शुरू किया था. कंपनी का मूल आइडिया इस बात पर टिका है कि शादी-पार्टी जैसे खास मौकों पर हजारों-लाखों के कपड़े खरीदने के बजाय किराये पर लेना ज्यादा ठीक होगा.
Flyrobe कंपनी को आईआईटी बॉम्बे के तीन छात्रों ने बनाया है.
नई दिल्ली. कहते हैं आवश्यकता ही आविष्कार की जननी है. इसी तर्ज पर देश में तमाम बिजनेस और कंपनियां बनीं और सफलतापूर्वक चल भी रही हैं. ऐसी ही एक कंपनी है Flyrobe जिसका आइिडया तब निकला जब इसे बनाने वाले युवाओं के पास पार्टी में जाने के लिए कपड़े नहीं थे. इस कंपनी को आईआईटी बॉम्बे के तीन छात्रों ने शुरू किया था. कंपनी की शुरुआत साल 2015 में हुई थी.
Flyrobe कंपनी किराये पर महंगे और ब्रांडेड कपड़े उपलब्ध कराती है. यह आइडिया आईआईटी बॉम्बे के तीन छात्रों श्रेया मिश्रा, प्रणय सुराना और तुषार सक्सेना ने मिलकर इस कंपनी की नींव रखी है. श्रेया फिलहाल कंपनी की को-फाउंडर और सीईओ हैं और वह कंपनी के बिजनेस मॉडल को चलाने में बड़ी भूमिका निभाती हैं. प्रणय भी कंपनी के को-फाउंडर और सीओओ भी हैं. तुषार भी कंपनी के को-फाउंडर और सीटीओ हैं.
कैसे आया बिजनेस का आइडिया
Flyrobe का आइडिया तब आया जब तीनों युवाओं को पार्टी में जाने के लिए कपड़े की कमी खली. उन्हें लगा कि अगर लोगों को खास मौकों के लिए ब्रांडेड और कीमती कपड़े किराये पर उपलब्ध कराए जाएं, तो उसकी डिमांड काफी हो सकती है. उनका आइडिया काम कर गया और आज इस कंपनी के प्रोडक्ट की डिमांड लगातार बढ़ती जा रही है. यह कंपनी शादी, रिसेप्शन, पार्टी या अन्य किसी खास मौके लिए कीमती और ब्रांडेड कपड़े उपलब्ध कराते हैं.
क्या है बिजनेस का मूल मंत्र
इस बिजनेस का मूल मंत्र इस बात पर टिका है कि लोग खास मौकों के लिए हजारों-लाखों रुपये के कपड़े खरीदते हैं और उसे एक-आध बार पहनकर रख देते हैं. इससे कपड़े पर आया खर्चा पूरी तरह बेकार हो जाएगा. लोगों की इसी समस्या को कंपनी ने अपना कारोबार बना लिया. कंपनी का स्लोगन है कि कपड़े खरीदिए मत, जरूरत पड़ने पर किराये पर लीजिए और वापस कर दीजिए. इसी तर्ज पर कंपनी काम कर रही है और आज इसमें 200 से ज्यादा कर्मचारी काम करते हैं.
कितना लगता है किराया
कंपनी ने ब्रांडेड और डिजाइनर कपड़ों को किराये पर देने का काम शुरू किया है. कंपनी कपड़ों का किराया उसकी मूल कीमत का 10 से 20 फीसदी रखा है. यह किराया कपड़े की क्वालिटी और उसकी कीमत के आधार पर रखा जाता है. कंपनी का कहना है कि ग्राहक किराये पर कपड़े लेने के बाद तीन से चार दिनों तक रख सकता है. इसके बाद कंपनी वापस ले जाती है. कंपनी के पास लहंगे, गाउन, साड़ी, सूट, शेरवानी, टकसीडो और डिजाइनर कपड़े भी मिलते हैं.
कैसे शुरू हुई थी कंपनी
यह कंपनी पूरी तरह आइडिया पर टिकी है और इसी भरोसे तीनों युवाओं ने अपनी तरफ से 15 लाख की पूंजी लगाकर कारोबार शुरू किया. सबसे पहले उन्होंने 100 डिजाइनर कपड़ों का कलेक्शन तैयार किया और वर्डप्रेस पर वेबसाइट शुरू कर बिजनेस शुरू कर दिया. शुरुआत में तीनों ही फाउंडर खुद कपड़ों की डिलीवरी और पिकअप करते थे और ग्राहकों से सीधा संपर्क करके उनकी पसंद और जरूरतों को समझते. इस कंपनी की सफलता बताती है कि कारोबार सिर्फ मोटी पूंजी से नहीं, बल्कि आइडिया के भरोसे चलाया जाता है. हालांकि, नवंबर 2019 में इस कंपनी को फैशन रेंटल कंपनी Rent It Bae ने खरीद लिया और आज यह 60 करोड़ रुपये का ब्रांड बन गया है.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…