Agency:एजेंसियां
Last Updated:
S Jaishankar on Trade Deal: अमेरिका में डेमोक्रेट्स की जीत के बाद सत्ता का समीकरण बदल गया है. ऐसे में भारत के साथ ट्रेड डील का क्या होगा? विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इस पर तस्वीर साफ की है. उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते की बातचीत आखिरी दौर में है. ज्यादातर मुद्दे सुलझ चुके हैं और अब कुछ अड़चनें बाकी हैं. जयशंकर के मुताबिक भारत ऐसी डील चाहता है जो फायदेमंद और संतुलित हो. इससे भारत को दूसरी समान अर्थव्यवस्थाओं के मुकाबले प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त भी मिले. उन्होंने माना कि अमेरिकी राजनीति में बदलाव का असर दोनों देशों के रिश्तों पर जरूर पड़ेगा.
अमेरिका में डेमोक्रेट्स की जीत के बाद भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर क्या असर पड़ेगा? विदेश मंत्री ने बताया. (फाइल फोटो)
अमेरिका में सत्ता का समीकरण बदल गया है. डेमोक्रेट्स ने हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स और सीनेट दोनों पर नियंत्रण हासिल कर लिया है. ऐसे में भारत और अमेरिका के बीच चल रही ट्रेड डील की बातचीत पर भी सवाल उठने लगे हैं. क्या अमेरिकी राजनीति में इस बदलाव का असर दोनों देशों के व्यापारिक रिश्तों पर पड़ेगा? क्या भारत के साथ समझौते को लेकर वॉशिंगटन का रुख बदल सकता है? इन सवालों पर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अपनी बात साफ कर दी है. उन्होंने कहा कि अमेरिका में राजनीतिक बदलाव का असर जरूर होगा और इससे द्विपक्षीय रिश्तों में कई चीजें बदल सकती हैं. हालांकि भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर बातचीत अब आखिरी चरण में है. जयशंकर के मुताबिक समझौते के ज्यादातर मुद्दे सुलझ चुके हैं और दोनों देश अब अंतिम अड़चनों को दूर करने में जुटे हैं.
जयशंकर ने शनिवार को हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी. उन्होंने साफ किया कि भारत किसी भी कीमत पर जल्दबाजी में समझौता नहीं करना चाहता. देश की प्राथमिकता ऐसी ट्रेड डील है जो दोनों पक्षों के लिए फायदेमंद और संतुलित हो. साथ ही भारत को उन दूसरी अर्थव्यवस्थाओं के मुकाबले बेहतर स्थिति मिले जिनसे उसकी तुलना की जाती है. जयशंकर ने बातचीत पूरी होने की कोई तारीख बताने से इनकार किया. उनका कहना था कि आखिरी दौर में हर पक्ष जल्द नतीजा चाहता है लेकिन व्यापार से जुड़े फैसलों का सीधा असर लोगों की नौकरियों और जिंदगी पर पड़ता है. इसलिए हर पहलू को ध्यान से देखना जरूरी है.
ट्रेड डील पर बातचीत आखिरी दौर में
एस जयशंकर ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते की बातचीत अब लगभग अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुकी है. उन्होंने कहा, ‘हमें उम्मीद है और हमारा अनुमान भी है कि हम ट्रेड डील पर बातचीत के आखिरी चरण में हैं. यह कोई छिपी हुई बात नहीं है. ज्यादातर मुद्दे सुलझ चुके हैं. अब कुछ आखिरी मुद्दे बाकी हैं और कई मामलों में ये चिंताएं हमारी तरफ से नहीं हैं क्योंकि बदलाव अमेरिका की तरफ ज्यादा हुए हैं.’
विदेश मंत्री ने जल्द समझौता होने की उम्मीद जताई. हालांकि उन्होंने इसके लिए कोई समयसीमा तय नहीं की. उन्होंने कहा, ‘उम्मीद है कि हम इसे जल्द पूरा कर लेंगे. आखिरी दौर में हमेशा ऐसा होता है कि हर कोई अधीर हो जाता है. हमारे लिए अहम बात यह है कि हमें ऐसी ट्रेड डील चाहिए जो फायदेमंद और संतुलित हो. इससे हमें समान स्तर की दूसरी अर्थव्यवस्थाओं के मुकाबले प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त मिलनी चाहिए.’
टैरिफ से लेकर हर मुद्दे पर हो रही चर्चा
- भारत और अमेरिका पिछले साल से द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत कर रहे हैं. इस दौरान ट्रंप प्रशासन ने भारतीय निर्यात पर 50 फीसदी टैरिफ लगा दिया था. बाद में दोनों देशों के बीच टैरिफ घटाकर 18 फीसदी करने को लेकर सहमति बनी और बातचीत ने रफ्तार पकड़ी. हालांकि अमेरिकी अदालत द्वारा ट्रंप के टैरिफ रद्द किए जाने से प्रक्रिया में नया मोड़ आ गया.
- जयशंकर ने बताया कि भारत हर उत्पाद और उसकी टैरिफ श्रेणी के हिसाब से बातचीत कर रहा है. यह लंबी और बारीक प्रक्रिया है. उन्होंने कहा, ‘यह ऐसा मामला नहीं है जिसे तेजी से या जादुई तरीके से पूरा किया जा सकता था. इसके लिए केवल बड़ी सोच और तेजी से आगे बढ़ना काफी नहीं है क्योंकि ये बहुत गंभीर मुद्दे हैं. लोगों की नौकरियां और उनकी जिंदगी दांव पर लगी हैं. हमने इस पर काफी मेहनत की है और अब लगभग फिनिशिंग लाइन तक पहुंच गए हैं. मेरा कहना है कि थोड़ा धैर्य रखें और उम्मीद है कि समझौता हो जाएगा.’
डेमोक्रेट्स की जीत से रिश्तों में क्या बदलेगा?
अमेरिका में डेमोक्रेट्स के हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स और सीनेट पर नियंत्रण के सवाल पर जयशंकर ने कहा कि दूसरे देशों की घरेलू राजनीति पर टिप्पणी करने से वह बचते हैं. लेकिन उन्होंने माना कि इस बदलाव का असर जरूर होगा. उनके मुताबिक इससे कई चीजें बदल सकती हैं. हालांकि भारत-अमेरिका संबंधों के कई अहम क्षेत्रों में दोनों दलों के बीच सहमति है.
उन्होंने कहा, ‘क्या इससे कुछ बदलेगा? बिल्कुल बदलेगा. इससे कई चीजें बदलेंगी. क्या इससे हमारे रिश्ते बदलेंगे? मैं कहूंगा कि जिन कई मुद्दों पर हम काम कर रहे हैं वहां एक तरह की सहमति है. उदाहरण के लिए रक्षा और सुरक्षा सहयोग या तकनीक का क्षेत्र. इनमें से बहुत से मुद्दे अमेरिका में राजनीतिक दलों से जुड़े नहीं हैं.’
चीन पर अमेरिकी रुख को लेकर भी रखी बात
अमेरिका के चीन को लेकर बदलते रुख पर भारत की चिंता से जुड़े सवाल पर जयशंकर ने कहा कि दुनिया की मौजूदा राजनीति और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के तौर-तरीकों को ध्यान में रखकर ही आगे बढ़ना होता है. भारत और चीन के रिश्तों पर उन्होंने कहा कि जून 2020 में गलवान घाटी में हुई झड़प के बाद भारत ने सीमा पर बुनियादी ढांचे से जुड़ी असमानता दूर करने के लिए काफी काम किया है. गलवान संघर्ष में भारत के 20 सैनिकों की जान गई थी. चीन के भी कम से कम चार सैनिक मारे गए थे. इस घटना के बाद दोनों देशों के रिश्ते कई दशकों के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गए थे.