Tomorrow Weather Warning: भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है. लेकिन, शनिवार देर शाम मौसम ने अचानक करवट ली है. दिल्ली-एनसीआर, चेन्नई, कोलकाता और बिहार समेत देश के कई हिस्सों शनिवार को बारिश हुई. मौसम में हुए अचानक परिवर्तन को देखते हुए आईएमडी ने कल यानी रविवार यानी कि 3 मई के लिए चेतावनी जारी की है. इस चेतावनी में बताया गया है कि देश के कई राज्यों में भारी बारिश के साथ बवंडर आने की संभावना जताई है. साथ ही बताया गया है कि आने वाले एक से दो दिनों तक तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा सकती है.
मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के साथ-साथ राजस्थान से लेकर पूर्वोत्तर तक फैले चक्रवाती परिसंचरण और ट्रफ लाइनों ने पूरे देश के मौसम के मिजाज को बदल कर रख दिया है. मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किए हैं. इस वार्निंग में भारी बारिश, आंधी-तूफान, बवंडर और ओलावृष्टि की भारी संभावना जताई गई है.
कैसा रहेगा मौसम?
3 मई का मौसम का हाल जानते हैं (Kal Ka Mausam)
- मौसम विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार 3 मई यानी कि रविवार को पूरे देश के मौसम का हाल बताते हैं, फिर राज्यावार मौसम का हाल जानेंगे. सब-डिवीजन वेदर वार्निंग मैप और बुलेटिन के अनुसार, देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम बेहद उग्र रूप ले सकता है.
- मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी है. इसके अलावा दक्षिण में केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के साथ-साथ उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है. दिल्ली-एनसीआर से उत्तर प्रदेश (यूपी) से बिहार और बंगाल तक बारिश होने की संभावना है.
- जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में आंधी के साथ ओले गिरने का अलर्ट है. वहीं, छत्तीसगढ़ और तटीय आंध्र प्रदेश में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से भयंकर तूफानी हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है.
- बिहार, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, झारखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा, पंजाब, रायलसीमा, उत्तराखंड, विदर्भ और गांगेय पश्चिम बंगाल में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के साथ बिजली कड़कने और गरज-चमक की स्थिति बनी रहेगी. जहां एक तरफ बारिश हो रही है, वहीं तटीय आंध्र प्रदेश में हीट वेव (लू) की स्थिति बनी रहेगी, और तमिलनाडु-पुडुचेरी में मौसम गर्म और बेहद उमस भरा रहेगा.
- ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बांग्लादेश और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों पर 45-55 किलोमीटर प्रति घंटा से लेकर 65 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलेंगी, जिसके चलते मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.
दिल्ली में बारिश से मौसम हुआ सुहाना. (फाइल फोटो)
दिल्ली-एनसीआर का हाल
मौसम विभाग ने 3 और 4 मई को येलो अलर्ट जारी किया है. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में बारिश और आंधी के रूप में दिखने लगा है. शनिवार को देर शाम दिल्ली-एनसीआर में तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश हुई. शनिवार को दिन का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहा, लेकिन 3 मई को अधिकतम तापमान गिरकर 37 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 3 मई की दोपहर और शाम को दिल्ली-नोएडा और आसपास के इलाकों में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. 4 मई को भी यही स्थिति बनी रहेगी. 5 मई तक बारिश और आंधी का यह दौर रुक-रुक कर जारी रह सकता है, जिससे एनसीआर में मौसम सुहावना हो जाएगा.
दिल्ली-एनसीआर भीषण गर्मी से राहत. (PTI)
बिहार में मौसम का हाल
बिहार के गोपालगंज में शनिवार को जमकर बारिश हुई. बारिश ने चिलचिलाती गर्मी से कुछ देर के लिए राहत तो दी, लेकिन साथ ही व्यापक जलभराव भी पैदा कर दिया. मौसम विभाग ने बताया कि गर्मी से राहत मिली. साथ ही अगले दो से तीन दिनों तक बारिश और आंधी से गर्मी से राहत मिलने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों को अलर्ट रहने की सलाह दी है. खगड़िया, मुंगेर, बांका, भागलपुर और अररिया, कटिहार समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने बताया कि रविवार को तेज बारिश और 60 किलोमीटर की रफ्तार से आंधी को देखते हुए कई जिलों में रेड और येलो अलर्ट जारी किया गया है.
बिहार के कई इलाकों में बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश का मौसम
उत्तर प्रदेश में कल यानी 3 मई को मौसम का मिजाज काफी उग्र रहने वाला है. मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में तूफानी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है. विशेष रूप से मेरठ, अलीगढ़, बुलंदशहर, मथुरा, आगरा, बाराबंकी, सहारनपुर, कानपुर, आजमगढ़, गाजीपुर, मिर्जापुर, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, देवरिया, गोंडा और सोनभद्र में भारी बारिश और आंधी की सख्त चेतावनी दी गई है.
वहीं, प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. 3 मई को लखनऊ का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है. इस तूफानी बारिश और तेज हवाओं के चलते राज्य के लोगों को भीषण गर्मी और उमस से काफी राहत मिलेगी, लेकिन खराब मौसम को देखते हुए घर से बाहर निकलते समय सावधानी बरतना भी जरूरी है.
आईएमडी की वार्निंग.
उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बेहद आक्रामक होने वाला है. सभी जिलों के लिए अलर्ट जारी कर दिया गया है. मौसम विभाग ने रविवार, सोमवार और मंगलवार के लिए देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. यहां तेज गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और तीव्र से अति तीव्र वर्षा की आशंका है. इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलेंगी. 5 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ में भी ऑरेंज अलर्ट है. पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रेकिंग गतिविधियों पर रोक लगाने और राहत-बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखा गया है.
मध्य प्रदेश में 60 किलोमीटर की रफ्तार से आंधी
भोपाल, ग्वालियर, दतिया, शाजापुर और जबलपुर सहित पूर्वी और दक्षिणी बेल्ट में हल्की से मध्यम आंधी चलेगी. मौसम विभाग ने खासकर रायसेन, सांची और भीमबेटका के लिए चेतावनी दी है जहां 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और ओलावृष्टि होने की प्रबल संभावना है. गुना, विदिशा, अशोकनगर, सागर और नरसिंहपुर में भी 50 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाओं के साथ बिजली गिरने और ओले पड़ने का अलर्ट है. अगले कुछ दिनों में राज्य के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाएगी.
लू से दो दिनों तक राहत की संभावना.
तमिलनाडु 7 दिन तक भारी बारिश
दक्षिण भारत में, पश्चिमी राजस्थान से कोमोरिन क्षेत्र तक 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर फैले निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण तमिलनाडु के लिए सात दिन की भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. नीलगिरी, कोयंबटूर, तिरुप्पुर, थेनी, दिंडीगुल और मदुरै सहित कई जिलों में भारी वर्षा का पूर्वानुमान है. 5 से 8 मई के बीच बारिश की तीव्रता और अधिक बढ़ सकती है. हालांकि, चेन्नई में तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच ही रहने का अनुमान है, जिससे बारिश के बावजूद उमस लोगों को परेशान कर सकती है.