Last Updated:
Rahul Priyanka Speech On Paper Leak Bill: पेपर लीक विधेयक पर लोकसभा में चर्चा के दौरान प्रियंका गांधी और राहुल गांधी के बयानों पर जमकर हंगामा हुआ. सत्ता पक्ष ने विरोध जताया, जिससे सदन की कार्यवाही बाधित हुई. लेकिन, सवाल यह है कि दोनों भाई-बहन असंसदीय भाषा का इस्तेमाल कर आखिर क्या हासिल करना चाहते हैं.
लोकसभा में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के भाषणों पर जमकर हंगामा हुआ.
Rahul Priyanka Speech On Paper Leak Bill: पेपर लीक के खिलाफ पेश विधेयक पर लोकसभा में मंगलवार से चर्चा चल रही है. इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई सांसदों ने अपनी-अपनी बातें रखीं. लेकिन चर्चा का केंद्र विधेयक से ज्यादा कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भाषण बन गए. मंगलवार को प्रियंका गांधी ने शिक्षा मंत्रालय संभाल रहे प्रह्लाद जोशी को लेकर ऐसी टिप्पणी की, जिस पर सत्ता पक्ष ने कड़ा विरोध जताया. इसके बाद सदन में हंगामा हुआ और कार्यवाही कुछ समय के लिए बाधित भी हुई. अगले दिन राहुल गांधी ने बहस में हिस्सा लेते हुए सरकार पर तीखे राजनीतिक आरोप लगाए. अपने भाषण के दौरान उन्होंने अंधभक्त शब्द का इस्तेमाल किया. इसके अलावा उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि दिल्ली में जेन-जी के विरोध प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन चलाने का आदेश केंद्रीय गृह मंत्री ने दिया था. इन बयानों के बाद सत्ता पक्ष के सांसद अपनी सीटों पर खड़े हो गए और सदन में फिर जोरदार हंगामा देखने को मिला.
दरअसल, लोकतंत्र में सरकार की आलोचना विपक्ष का अधिकार ही नहीं, बल्कि उसकी जिम्मेदारी भी है. विपक्ष का काम सरकार से सवाल पूछना, उसकी नीतियों की समीक्षा करना और जनता की आवाज उठाना है. लेकिन संसद केवल राजनीतिक मंच नहीं है. यह देश की सर्वोच्च विधायी संस्था है, जहां शब्दों का चयन और बहस का स्तर दोनों ही लोकतांत्रिक परंपराओं को तय करते हैं.
यही वजह है कि संसद में इस्तेमाल होने वाली भाषा हमेशा चर्चा का विषय बनती है. व्यक्तिगत टिप्पणियां, व्यंग्यात्मक संबोधन या ऐसे शब्द, जो बहस को मुद्दे से भटका दें, अक्सर पूरे विमर्श को प्रभावित करते हैं. नतीजा यह होता है कि जिस विधेयक पर गंभीर चर्चा होनी चाहिए, उससे ध्यान हटकर नेताओं के बयान सुर्खियां बन जाते हैं.
संसदीय परंपरा
इस पूरे घटनाक्रम में एक और बात ध्यान देने वाली रही. लोकसभा अध्यक्ष ने कई बार सदस्यों से आग्रह किया कि वे विधेयक के प्रावधानों पर अपनी बात रखें और चर्चा को उसी दायरे में रखें. संसदीय परंपरा भी यही कहती है कि बहस का केंद्र विधेयक, उसके प्रावधान और उसके संभावित प्रभाव होने चाहिए. लेकिन जब चर्चा का बड़ा हिस्सा राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप या व्यक्तिगत टिप्पणियों में बीत जाता है, तो मूल उद्देश्य पीछे छूट जाता है. पेपर लीक जैसे मुद्दे का सीधा संबंध देश के करोड़ों छात्रों और युवाओं से है. प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, भर्ती प्रक्रिया की विश्वसनीयता और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जैसे सवाल इस विधेयक के केंद्र में हैं. स्वाभाविक रूप से जनता भी यही उम्मीद करती है कि संसद में इन मुद्दों पर गंभीर और तथ्य आधारित बहस हो.
यह अपेक्षा केवल विपक्ष से ही नहीं, बल्कि सत्ता पक्ष से भी समान रूप से है. संसदीय लोकतंत्र की मजबूती इस बात पर निर्भर करती है कि असहमति कितनी सभ्य भाषा में व्यक्त की जाती है. तीखी आलोचना और कठोर सवाल लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन व्यक्तिगत हमले और उत्तेजक शब्दावली बहस की गुणवत्ता को कमजोर कर सकते हैं. राहुल गांधी और प्रियंका गांधी कांग्रेस के सबसे प्रमुख चेहरों में हैं. उनके हर शब्द को राजनीतिक महत्व मिलता है और उनके भाषणों पर पूरे देश की नजर रहती है. ऐसे में उनसे यह अपेक्षा भी अधिक होती है कि वे अपनी बात तथ्यों, तर्कों और संसदीय परंपराओं के अनुरूप रखें.
About the Author
न्यूज18 हिंदी में बतौर एसोसिएट एडिटर कार्यरत. मीडिया में करीब दो दशक का अनुभव. दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, आईएएनएस, बीबीसी, अमर उजाला, जी समूह सहित कई अन्य संस्थानों में कार्य करने का मौका मिला. माखनलाल यूनिवर्स…
और पढ़ें