.
लोहरदगा, जिले के 33,793 किसानों को खरीफ फसल-2026 के तहत बिरसा-प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ मिलने का रास्ता साफ हो गया है। डीसी संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित बैठक में किसानों के बीमा आवेदनों को स्वीकृति दी गई। इसके तहत कुल 15,926.79 हेक्टेयर भूमि पर लगी धान व मक्का की फसल को बीमा सुरक्षा के दायरे में शामिल किया गया है। बैठक में जिला सहकारिता पदाधिकारी आशा टोप्पो ने बताया कि बीमित फसलों की गुणवत्ता और संबंधित विवरणों की जांच बीमा कंपनी एसबीआई जनरल इंश्योरेंस कंपनी ने की है। किसानों से संबंधित आंकड़ों और उपलब्ध कराई गई जानकारियों की जिम्मेदारी बीमा कंपनी की होगी। बैठक में फसल कटाई के बाद चक्रवात से फसल क्षति को लेकर बीमा क्लेम करने वाले 546 किसानों का मामला भी उठा। उपायुक्त ने बीमा कंपनी को सभी आवेदनों का सत्यापन करने का निर्देश दिया। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि धान की कटाई के बाद यदि बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि अथवा अन्य प्राकृतिक आपदा से फसल को नुकसान होता है तो 72 घंटे के भीतर 14447 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर बीमा क्लेम से संबंधित सूचना दें। सहकारिता क्षेत्र के विकास को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। कुड़ू प्रखंड स्थित लावागाई लैम्प्स को 500 मीट्रिक टन क्षमता वाले मॉडल गोदाम के रूप में विकसित करने के प्रस्ताव को राज्य सरकार के पास भेजने पर सहमति बनी। बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी कालेन खलखो, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सूरज सिन्हा सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित थे।