भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

महापर्व छठ : वैतरणी घाट पर पहली बार गंगा आरती बनी आकर्षण...



भास्कर न्यूज| जैंतगढ़ लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। जैंतगढ़ के वैतरणी नदी स्थित छठ घाट पर सोमवार तड़के बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। घाट पर इस वर्ष पहली बार गंगा आरती का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। महापर्व को लेकर वैतरणी छठ घाट और घाट तक जाने वाले मार्गों को रंग-बिरंगी लाइटों, तोरण द्वार और फूलों से सजाया गया था। नदी तट पर शाम से सुबह तक विद्युत सज्जा की व्यवस्था रही। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के इंतजाम किए। आयोजन समिति के स्वयंसेवक भी व्यवस्थाओं में जुटे रहे। सोमवार सुबह पौ फटने से पहले व्रती अपने परिजनों और स्थानीय लोगों के साथ छठ घाट पहुंचे। पारंपरिक छठ गीतों के बीच व्रतियों ने कमर भर पानी में खड़े होकर सूर्योदय का इंतजार किया। इससे पहले रविवार शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य दिया गया था। सूर्य की पहली किरण दिखाई देने के बाद अर्घ्य देने का सिलसिला शुरू हुआ। व्रतियों ने फल और ठेकुआ से भरे सूप और डाला के साथ सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। घाट पर मौजूद अन्य श्रद्धालुओं ने भी जल और दूध से अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। यह प्रक्रिया करीब एक घंटे तक चली। अर्घ्य के बाद विधिवत हवन भी किया गया। गंगा आरती का आयोजन बनारस से आए पंडितों के दल ने कराया। इस दल का नेतृत्व पंडित राकेश दुबे ने किया। शंखनाद, घंटियों की ध्वनि और दीपों के साथ आरती संपन्न कराई गई। इसे देखने के लिए घाट पर भीड़ जुटी। आयोजन के संचालन और व्यवस्थाओं में स्थानीय समिति के सदस्यों की भूमिका रही। समिति से जुड़े शानू पोद्दार, शंभू गुप्ता, दुग्धेश्वर प्रसाद और पंडित गोपाल मिश्रा का नाम प्रमुख रूप से सामने आया।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top