भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

राजद ने 27% आरक्षण-जमीन रिकॉर्ड सुधार की मांग की:लातेहार में रैली निकालकर...




लातेहार में बुधवार को राजद कार्यकर्ताओं ने ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण देने और जमीन के रिकॉर्ड की गलतियां सुधारने की मांग की। जिला अध्यक्ष रामप्रवेश यादव के नेतृत्व में पांच चरणों के आंदोलन का पहला चरण शुरू हुआ। कार्यकर्ताओं ने बाजारटांड़ से मुख्य सड़क होते हुए समाहरणालय तक रैली निकाली और गेट के पास प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील साहू और प्रदेश उपाध्यक्ष अनीता यादव शामिल हुए। सुनील साहू ने कहा कि बिहार में लालू-राबड़ी सरकार के समय सभी जिलों में ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण मिलता था। उनके मुताबिक, भाजपा सरकार आने के बाद ओबीसी का आरक्षण खत्म कर दिया गया। उन्होंने कहा कि झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार में राजद भी शामिल है, फिर भी ओबीसी को उनका अधिकार दिलाने के लिए आंदोलन करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की मांग की। सुनील साहू ने कहा कि यह आंदोलन की शुरुआत है और इस मुद्दे पर आगे भी संघर्ष जारी रहेगा। अनीता यादव ने कहा कि राजद पिछड़ों, दलितों और आदिवासियों की आवाज उठाता रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड के कई जिलों में ओबीसी का आरक्षण शून्य है और केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजे जाने के बावजूद इसे लागू नहीं किया गया है। रामप्रवेश यादव ने कहा कि सरकार में शामिल होने के बावजूद राजद अपने मुद्दों पर समझौता नहीं करेगा। उन्होंने लातेहार जिले में जमीन के खतियान, रजिस्टर-2 और पुराने-नए सर्वे के रिकॉर्ड की गलतियां दूर करने की मांग की। यादव ने कहा कि जमीन के रिकॉर्ड में गड़बड़ियों के कारण ग्रामीण अंचल कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। उन्होंने पुरानी रसीद के आधार पर आसान प्रक्रिया से ऑनलाइन लगान रसीद काटने की व्यवस्था करने की मांग की। आठ दिसंबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी
रामप्रवेश यादव ने बताया कि आंदोलन के दूसरे चरण में 23 नवंबर को जिला मुख्यालय में भिक्षाटन अभियान चलाया जाएगा। 26 नवंबर को सभी प्रखंडों में यह अभियान होगा। तीसरे चरण में 28 नवंबर को आरक्षण रथ को हरी झंडी दिखाकर प्रखंडों के लिए रवाना किया जाएगा। नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। यह अभियान एक दिसंबर तक चलेगा। चौथे चरण में सात दिसंबर को जिला मुख्यालय में एक दिवसीय धरना दिया जाएगा। पांचवें और अंतिम चरण में आठ दिसंबर से अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू किया जाएगा। धरना के दौरान मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा गया। मौके पर प्रदेश युवा प्रदेश अध्यक्ष रंजन यादव, बली यादव, सुरेश राम, मोहर सिंह यादव, रंजीत यादव, अजय चंद्रवंशी, संतोष यादव, चिंटू यादव, दीपक यादव समेत सैकड़ों राजद कार्यकर्ता उपस्थित थे।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top