Last Updated:
फिलीपींस की राजधानी मनीला में क्वाड समिट चल रही है. इस दौरान पीएम मोदी का एक वीडियो सामने आया है. मंच पर जमीन पर भारतीय तिरंगे का एक प्रतीक रखा हुआ था. पीएम मोदी की नजर जैसे ही उस पर पड़ी, वे तुरंत झुके और तिरंगे को पूरे सम्मान के साथ उठाकर अपनी जेब में रख लिया. देशभक्ति और सम्मान का यह नजारा देखकर पास ही खड़े अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी हैरान रह गए.
पीएम मोदी ने जमीन से उठाया तिरंगा
फिलीपींस की राजधानी मनीला में आज ‘क्वाड समिट’ चल रही है. इस दौरान अमेरिका, जापान, ऑस्ट्रेलिया और भारत के नेता एक मंच पर जुटे हैं. इस हाई-प्रोफाइल बैठक में नेताओं के बीच कई बड़े मुद्दों को लेकर चर्चाएं चल रही हैं. जब क्वाड जैसी बड़ी समिट होती हैं तो इस दौरान वर्ल्ड लीडर्स के कई ऐसे छोटे-छोटे मोमेंट्स वायरल हो जाते हैं, जो पूरी दुनिया में छा जाते हैं. भारत के प्रधानमंत्री से जुड़ा एस ऐसा ही मोमेंट सामने आया है, जिसमें वो राष्ट्रध्वज तिरंगे के सम्मान में कुछ ऐसा करते दिख रहे हैं कि ट्रंप भी हैरान रह गए.
जब मंच पर पहुंचते ही पीएम मोदी की नजर जमीन पर पड़ी
घटना उस समय की है जब मनीला में क्वाड देशों के नेता फोटो सेशन के लिए मंच पर पहुंच रहे थे. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बनीज के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मंच पर अपनी तयशुदा जगह की तरफ बढ़ रहे थे. आमतौर पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में नेताओं के खड़े होने की सही जगह तय करने के लिए फर्श पर छोटे-छोटे प्रतीक या झंडे लगाए जाते हैं ताकि हर कोई अपने तय किए गए स्थान पर खड़ा हो सके. जैसे ही पीएम मोदी अपनी जगह की तरफ आगे बढ़े, उनकी नजरें अचानक जमीन पर पड़ीं. उन्होंने देखा कि वहां जमीन पर भारत का राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा रखा हुआ है.
बिना एक पल गंवाए पीएम मोदी ने उठाया कदम
वीडियो में साफ दिख रहा है कि जैसे ही प्रधानमंत्री मोदी की नजर जमीन पर रखे तिरंगे पर पड़ी, उन्होंने एक सेकंड की भी देरी नहीं की. वो तुरंत नीचे की तरफ झुके, पूरे सम्मान के साथ जमीन से तिरंगे को उठाया और उसे अपनी जेब में रख लिया. उन्होंने बगल में खड़ी जापानी पीएम साने ताकाइची से इस बारे में कुछ बात भी की. पीएम मोदी को जमीन से अपने देश का तिरंगा उठाते दिख ट्रंप भी हैरान रह गए और उन्होंने पीएम मोदी की पीठ पर हाथ रखते हुए कहा ‘इसे संभालकर रख लो’.
पीएम मोदी के इस छोटे जेस्चर ने वहां मौजूद तमाम विदेशी मेहमानों और पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. उन्होंने दिखाया है कि वो हर छोटे-बड़े मौके पर अपने देश का सम्मान सबसे ऊपर रखते हैं.
पीएम मोदी ने जमीन से उठाया तिरंगा
क्वाड मीटिंग में क्या कुछ डिस्कस हुआ?
बता दें कि मनीला में क्वाड समिट के जरिए चीन की चालों और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर कूटनीतिक फैसले लिए जा रहे हैं. इस भावुक और गर्व से भर देने वाली घटना के अलावा, मनीला में दो साल के लंबे अंतराल के बाद हुई इस क्वाड बैठक में कई अहम जियोपॉलिटिकल और आर्थिक मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई.
- हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा: बैठक में चारों देशों (भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया) ने इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सुरक्षा बनाए रखने पर जोर दिया. समुद्री रास्तों की सुरक्षा और जहादों की आवाजाही की स्वतंत्रता को सुनिश्चित करने को लेकर प्रतिबद्धता दोहराई गई.
- आर्थिक सहयोग और सप्लाई चेन: वैश्विक सप्लाई चेन को मजबूत करने, क्रिटिकल मिनिरल्स और सेमीकंडक्टर तकनीक के क्षेत्र में आपसी सहयोग बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा हुई.
- नई तकनीकों का साझा इस्तेमाल: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल बुनियादी ढांचों और नई उभरती हुई तकनीकों में एक-दूसरे का साथ देने और सुरक्षित नेटवर्क तैयार करने पर सहमति बनी.
- आपदा प्रबंधन और स्वास्थ्य: इंडो-प्रशांत क्षेत्र के देशों में प्राकृतिक आपदाओं से निपटने, मानवीय सहायता और स्वास्थ्य सुरक्षा के क्षेत्र में मिलकर काम करने के ठोस कदम तय किए गए.
मनीला का ये क्वाड शिखर सम्मेलन जहां एक तरफ रणनीतिक और कूटनीतिक फैसलों के लिए याद रखा जाएगा, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा तिरंगे के सम्मान में उठाए गए इस कदम ने इस दौरे को देशवासियों के लिए हमेशा के लिए यादगार बना दिया है.