भास्कर न्यूज | सरायकेला झारखंड की माटी की खुशबू, जनजातीय अस्मिता की पहचान और पूर्वजों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत रविवार की शाम गम्हरिया प्रखंड के कोलाबिरा में साकार हो उठी। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर ग्रामीण फुटबॉल अकादमी की ओर से पांचवें एक दिवसीय झारखंडी विलुप्त परंपरा, कला-संस्कृति एवं खेलकूद महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पद्मश्री छुटनी महतो शामिल हुईं। भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर महोत्सव का शुभारंभ किया गया।ग्रामीण फुटबॉल अकादमी के संस्थापक सह जिला परिषद सदस्य शंभू मंडल की पहल पर लगातार पांच वर्षों से आयोजित हो रहा यह महोत्सव विलुप्त होती परंपराओं और लोककलाओं को संरक्षित करने का महत्वपूर्ण प्रयास है। महोत्सव का मुख्य आकर्षण राजनगर प्रखंड के नामीबेडा गांव के महिला एवं पुरुष कलाकारों द्वारा प्रस्तुत बूढ़ीगाड़ी डांस रहा। इसमें लगभग सौ कलाकारों ने एक साथ मैदान में उतरकर सामूहिक नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। ढोल-मांदर की थाप पर कलाकारों के कदमताल और पारंपरिक नृत्य शैली ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं माठाडीह, बिरवांस और राजगोड़ा के कलाकारों ने भी आदिवासी संस्कृति पर आधारित विभिन्न लोकनृत्यों की प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम में महिलाओं के लिए आयोजित दीप प्रज्वलन प्रतियोगिता और तीर्थ दर्शन प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रही। इनमें सैकड़ों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन को सफल बनाने में संजय हांसदा, लालू, कालीचरण किस्कू, विनोद, करमू मुखी, सहदेव नायक, अजय मंडल, अभिषेक लोहार, सुरेंद्र मंडल, फागु टुडू, सुखु सोरेन, नाग प्रसाद लोहार, मंगल सहित अन्य ग्रामीणों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
Source link