Last Updated:
Nisha Bhagat Death Rupa Tirkey Case: झारखंड की चर्चित निशा भगत मौत मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के एक्शन लेते ही राज्य की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में 2021 के बहुचर्चित दारोगा रूपा तिर्की मामले की यादें फिर से ताजा हो गई हैं. दोनों ही मामलों में आदिवासी बेटी को इंसाफ दिलाने के नाम पर जमकर सियासी बवाल मचा और सीबीआई जांच की मांग उठी. ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि साहिबगंज में पदस्थापित दारोगा रूपा तिर्की केस में सीबीआई जांच का क्या नतीजा निकला था? पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.
रूपा तिर्की केस में एक साल बाद CBI ने मानी थी आत्महत्या, अब निशा भगत के इंसाफ की बारी
रांची. निशा भगत मौत मामले की जांच अब सीबीआई के हाथों में और मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है. सीबीआई के रडार पर फिलहाल नामजद आरोपी अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा है. वहीं, सीबीआई की जांच को लेकर परिजन और निशा के करीबी उम्मीद भरी निगाहों से इंसाफ की ओर देख रहे हैं. हालांकि, सीबीआई की जांच में क्या कुछ तथ्य आएगा ये कहना फिलहाल जल्दबाजी है. लेकिन, ऐसी ही एक घटना साहिबगंज में दारोगा की पोस्ट पर तैनात रूपा तिर्की से जुड़ा था जिसकी जांच भी राज्य सरकार ने परिजनों की मांग पर सीबीआई को सौंपी थी, लेकिन उस जांच का नतीजा क्या रहा ये हम आपको बताते हैं.
क्या था साहिबगंज का बहुचर्चित रूपा तिर्की मामला?
बता दें कि बीते 5 नवंबर को आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया तो राजनीतिक सवाल बन गया. इसके बाद सीबीआई की जांच का आदेश होने के बाद पुलिस के बाद अब सीबीआई ने इस केस को टेकओवर किया है. लेकिन इसके साथ ही सवाल यह है कि क्या इस मौत का राज खुल पाएगा? मामले में कौन दोषी है, क्या उसके चेहरे से नकाब हट पाएगा ? ये सवाल इस वजह से महत्वपूर्ण है, क्योंकि ऐसा ही एक मामला झारखंड में वर्ष 2021 के 03 मई को सामने आया था. साहिबगंज में पदस्थापित वर्ष 2018 बैच की दारोगा रूपा तिर्की का शव साहिबगंज में ही उसके ही कमरे में फंदे से टंगा मिला था. मामले में बवाल शुरू हुआ और कई आदिवासी संगठन और बीजेपी ने मामले में सरकार को घेर लिया. मामले की हाई लेवल जांच की मांग की गई तो सरकार ने रिटायर्ड न्यायाधीश से मामले की जांच शुरू कराई. वहीं पुलिस भी मामले की जांच में आगे बढ़ी थी.
तकनीकी साक्ष्यों की भी हुई पड़ताल
जांच आगे बढ़ी और इसी क्रम में पुलिस ने दारोगा शिव कुमार कन्नौजिया को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया और मामला प्रेम प्रसंग का बताया गया. दरअसल,पुलिस की जांच में ये बातें सामने आईं कि शिव और रूपा का प्रेम संबंध था. रूपा शिव से शादी करना चाहती थी, लेकिन शिव इस प्रस्ताव को नकार रहा था, जिस कारण ही रूपा ने अपने ही कमरे में फंदे से झूल कर आत्महत्या कर ली. वहीं सरकार के द्वारा गठित एसआईटी में भी हत्या के कोई साक्ष्य नहीं मिले. इसके बाद मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई.
हाईकोर्ट के आदेश से CBI जांच, परिणाम शून्य
सीबीआई ने मामले की नये सिरे से जांच शुरू की, कॉल डिटेल कॉल डंप सहित कई टेक्निकल और फोरेंसिक तथ्य जुटाए. वहीं इसके साथ ही तमाम संदिग्ध और संबंधित लोगों से पूछताछ शुरू की गई. रूपा तिर्की के परिजनों से भी पूछताछ हुई तो वहीं शिव कुमार कन्नौजिया से भी सवाल जवाब हुए. लेकिन, इन तमाम कवायदों के बाद भी परिणाम शून्य ही रहा. बड़ा तथ्य यह कि सीबीआई की जांच भी पुलिस जांच के इर्द गिर्द ही घूमती नजर आई. परिणाम यह हुआ कि सीबीआई ने एक साल जांच के बाद वर्ष 2022 को क्लोजर रिपोर्ट सौंप दी जिसमें सीबीआई ने भी इसे आत्महत्या का ही मामला बताया.
CBI के सामने भरोसा कायम करने की चुनौती
अब इसका हवाला देकर ही सत्तापक्ष ने बीजेपी को घेरा है. सत्ता पक्ष का कहना है कि जब पुलिस इस तरह की जांच में सक्षम है तो फिर क्यों इस तरह की मांग जायज नहीं थी. वहीं, सत्तापक्ष का कहना है कि सीबीआई का ट्रैक रिकॉर्ड केस के सिलसिले में काफी खराब है, ऐसे में बहुत ज्यादा उम्मीद पालना सही नहीं. वहीं, निशा भगत की मौत पर पूर्व आईआरएस अधिकारी निशा उरांव का कहना है कि सीबीआई की जांच निष्पक्ष और पारदर्शी होगी और निशा भगत को न्याय मिलेगा. रूपा तिर्की मामले का अनुभव निशा भगत के परिजनों की उम्मीदों के सामने एक बड़ी कसौटी बनकर खड़ा है.
निशा भगत केस पर अब सबकी निगाहें
अब 6 नवंबर को रांची के पिठोरिया में हुई निशा भगत की संदिग्ध मौत के बाद भी वही कहानी दोहराई जा रही है. सीबीआई ने अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा पर केस दर्ज कर छापेमारी और पूछताछ शुरू कर दी है. पूर्व आईआरएस अधिकारी निशा उरांव को पारदर्शी जांच का भरोसा है, लेकिन सत्तापक्ष रूपा तिर्की केस में सीबीआई के पुराने ट्रैक रिकॉर्ड का हवाला देकर विपक्ष की राजनीति पर सवाल उठा रहा. अब सवाल सिर्फ इतना नहीं है कि निशा भगत की मौत कैसे हुई? सवाल यह भी है कि क्या सीबीआई इस बार उन सवालों के जवाब तलाश पाएगी, जिनकी उम्मीद में एक परिवार अपनी बेटी के लिए इंसाफ मांग रहा है?