भास्कर न्यूज |महुआडांड़ प्रखंड के राजदंडा पुल की जर्जर स्थिति के कारण हरियाणा नंबर की एक एंबुलेंस पुल पर फंस गई। एंबुलेंस में हरियाणा से एक व्यक्ति का शव लेकर परिजन महुआडांड़ आ रहे थे। नक्शे के सहारे वाहन पुल तक पहुंचा था। पुल पार करने के दौरान एंबुलेंस आगे नहीं बढ़ सकी। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने मदद की और काफी प्रयास के बाद एंबुलेंस को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद इलाके में आवाजाही की समस्या फिर सामने आई है। ग्रामीणों के अनुसार पुल क्षतिग्रस्त हुए करीब तीन महीने हो चुके हैं। इसके बावजूद अब तक सुरक्षित और व्यवस्थित डायवर्सन नहीं बन पाया है। इसके चलते रोजमर्रा की आवाजाही प्रभावित है। लोगों का कहना है कि सबसे अधिक परेशानी स्कूली विद्यार्थियों, मरीजों और बाहर से आने वाले यात्रियों को हो रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में दिक्कतें बढ़ गई हैं। गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में अतिरिक्त समय लग रहा है। कई बार जोखिम लेकर खराब रास्ते से गुजरना पड़ता है। पर्यटन सीजन में बाहर से आने वाले वाहन चालक भी रास्ते की सही जानकारी के अभाव में फंस रहे हैं। एंबुलेंस का पुल पर अटकना इसी समस्या का उदाहरण बताया गया।
Source link