भास्कर न्यूज | लातेहार जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने सख्ती शुरू की है। डीसी संदीप कुमार, एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर मंगलवार को सर्किट हाउस के समीप वाहन जांच अभियान चला। अभियान में डीटीओ उमेश कुमार, मुख्यालय डीएसपी प्रदीप कुमार, सदर थाना प्रभारी अशोक कुमार पासवान शामिल रहे। जांच के दौरान दोपहिया चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच हुई। पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों, बाइक पर ट्रिपल लोडिंग करने वालों, बिना हेलमेट चलने वालों पर नजर रखी। चारपहिया चालकों को सीट बेल्ट लगाने की हिदायत दी गई। दोपहिया चालकों को हेलमेट का अनिवार्य उपयोग करने को कहा गया। मुख्यालय डीएसपी प्रदीप कुमार ने कहा कि जिले में आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। हादसों में लोगों की जान जा रही है। यातायात नियमों की अनदेखी एक बड़ा कारण है। उन्होंने लोगों से शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। जांच में नियम तोड़ने वालों का सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुसार ऑनलाइन चालान काटा गया।
Source link