भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

Gold Price Down : 8 दिन में 12400 रुपये सस्ता हुआ सोना,...


नई दिल्ली. सोने और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट का सिलसिला जारी है. ग्लोबल मार्केट और वायदा बाजार में गिरावट के साथ ही घरेलू सराफा बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में लगातार 8वें सत्र से गिरावट जारी है. राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोने की कीमतों में गिरावट का सिलसिला लगातार आठवें कारोबारी सत्र में जारी रहा. मजबूत रुपये और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति के अधिक सख्त होने की बढ़ती आशंकाओं के बीच 19 नवंबर को सोना 1,300 रुपये और टूटकर 1,34,500 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया.

स्थानीय कारोबारियों के अनुसार, 99.9 फीसदी शुद्धता वाले सोने का भाव बुधवार के 1,35,800 रुपये प्रति 10 ग्राम से 1,300 रुपये घटकर 1,34,500 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया. पिछले आठ कारोबारी सत्रों में सोने की कीमतों में कुल 12,400 रुपये की गिरावट आई है. नौ नवंबर को सोने का भाव 1,46,900 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जो अब 1.34 लाख के आसपास चल रही है. सोने में गिरावट की आशंका आगे भी जताई जा रही है.

और भी सस्ती हुई चांदी
घरेलू सराफा बाजार में सिर्फ सोने की कीमत ही नहीं गिरी, बल्कि चांदी की कीमतों में भी गिरावट जारी रही. चांदी का भाव 2,500 रुपये टूटकर 1,62,000 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया. पिछले कारोबारी सत्र में इसका भाव 1,64,500 रुपये प्रति किलोग्राम था. निवेश प्लेटफॉर्म मुड्रेक्स के लीड क्वांट विश्लेषक अक्षत सिद्धांत ने कहा कि मजबूत रुपये के कारण घरेलू बाजार में सोने और चांदी की हाजिर कीमतों पर दबाव बना रहा. एचडीएफसी सिक्योरिटीज के जिंस मामलों के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति के अधिक सख्त रुख अपनाने की आशंकाओं से कीमती धातुओं की कीमतों पर दबाव बना हुआ है.

ग्लोबल मार्केट में कहां पहुंचा भाव
अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना टूटकर 3,717.57 डॉलर प्रति औंस रह गया, जबकि चांदी की कीमत घटकर 44.92 डॉलर प्रति औंस रह गई. सिद्धांत ने कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व की अक्टूबर में हुई बैठक के ब्योरे में ब्याज दरों में और बढ़ोतरी के संकेत मिलने के बाद बृहस्पतिवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में गिरावट आई. वहीं, डॉलर 19 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया, जिससे सोने की मांग प्रभावित हुई.

चांदी का ग्लोबल रेट भी फिसला
18 नवंबर को चांदी का भाव करीब 5 फीसदी गिरने के बाद गुरुवार को भी 45 डॉलर प्रति औंस के आसपास स्थिर रही. बुधवार को इसकी कीमत गिरकर सितंबर, 2025 के बाद के सबसे निचले स्तर पर आ गई थी. 29 जनवरी, 2026 को 121 डॉलर प्रति औंस से अधिक के उच्चतम स्तर पर पहुंचने के बाद चांदी की कीमत अब 60 फीसदी से अधिक गिर चुकी है. सिद्धांत ने कहा कि ऊंची ब्याज दरों और मजबूत डॉलर ने सोने-चांदी का आकर्षण कम किया है. इसके अलावा निवेशक एआई कंपनियों के शेयरों में हुए नुकसान की भरपाई के लिए भी सोने-चांदी की बिकवाली कर रहे हैं.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top