Last Updated:
Chicken Soup With Egg Recipe: सर्दियों में घर पर आसानी से बनाएं स्वादिष्ट और पौष्टिक चिकन वेजिटेबल सूप. इसे चिकन, अंडे और ताजी सब्जियों के साथ तैयार किया जाता है जो ठंड के मौसम में सेहत और स्वाद दोनों के लिए बेहतरीन विकल्प है. थोड़ी सी तैयारी पहले से कर लें तो इसे बनाने में खास वक्त भी नहीं लगता.
जमशेदपुर. सर्दियों का मौसम आते ही लोगों का खान-पान भी बदलने लगता है. ठंड के दिनों में गरमा-गरम सूप पीने का अपना अलग ही मजा है. खासकर अगर सूप चिकन, अंडे और ताजी सब्जियों से तैयार किया गया हो, तो इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. ऐसे में अगर आप भी बाजार में मिलने वाले सूप की जगह घर पर ही कुछ स्वादिष्ट और पौष्टिक बनाना चाहते हैं, तो चिकन वेजिटेबल सूप एक बेहतरीन विकल्प है. इसे बनाना काफी आसान है और घर में मौजूद सामान्य सामग्री से ही तैयार किया जा सकता है.
इस तरह करें शुरुआत
चिकन सूप बनाने के लिए सबसे पहले एक अच्छी और गहरी कढ़ाई ले लें. अब इसे गैस पर रखकर तेज आंच पर गर्म करें. कढ़ाई गर्म होने के बाद इसमें एक से दो चम्मच तेल डालें. तेल गर्म होते ही इसमें बारीक कटा हुआ लहसुन डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें. इसके बाद इसमें बारीक कटा हुआ अदरक और प्याज डाल दें. दोनों को अच्छी तरह चलाते हुए कुछ देर तक पकाएं, ताकि इनकी खुशबू तेल में अच्छी तरह मिल जाए.
सब्जियों और चिकन का तड़का
अब इसमें बारीक कटी हुई गाजर, पत्ता गोभी, बीन्स, शिमला मिर्च और हरी प्याज डालें. सभी सब्जियों को तेज आंच पर करीब दो से तीन मिनट तक चलाते हुए पकाएं. इसके बाद इसमें छोटे-छोटे टुकड़ों में कटा हुआ चिकन डाल दें. चिकन को सब्जियों के साथ अच्छी तरह मिलाकर कुछ देर तक पकाएं, ताकि उसका कच्चापन दूर हो जाए और मसालों का स्वाद उसमें समा जाए.
मसाले और पानी से तैयार होगा सूप
अब इसमें स्वादानुसार नमक, काली मिर्च पाउडर, थोड़ा सा लाल मिर्च पाउडर और जरूरत के अनुसार सोया सॉस डाल सकते हैं. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाने के बाद इसमें करीब तीन से चार कप पानी या चिकन स्टॉक डाल दें. अब कढ़ाई को ढककर मध्यम आंच पर तब तक पकाएं, जब तक चिकन पूरी तरह गल न जाए. इसके बाद एक कटोरी में थोड़ा कॉर्नफ्लोर और पानी मिलाकर घोल तैयार करें और इसे धीरे-धीरे सूप में डालते हुए चलाएं. इससे सूप हल्का गाढ़ा और स्वादिष्ट बनेगा.
अंडे से बढ़ जाएगा स्वाद
अब एक अलग कटोरी में एक अंडा अच्छी तरह फेंट लें. सूप को लगातार चलाते हुए इसमें फेंटा हुआ अंडा धीरे-धीरे डालें. इससे सूप में अंडे की खूबसूरत पतली परतें बन जाएंगी. कुछ देर पकाने के बाद ऊपर से हरी प्याज और थोड़ी काली मिर्च डाल दें. आपका गरमा-गरम चिकन वेजिटेबल सूप तैयार है.
इसे एक कटोरी में निकालकर गर्मागर्म परोसें. सर्दियों की शाम में परिवार के साथ इस स्वादिष्ट सूप का आनंद लिया जा सकता है. बाहर की ठंड और घर में तैयार ताजे चिकन सूप का स्वाद आपके खाने के अनुभव को और भी खास बना देगा.
About the Author
Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…