भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

कोडरमा में हाथियों की निगरानी के लिए AI टावर लगेंगे:3 करोड़ की...




कोडरमा वन प्रमंडल मानव-हाथी संघर्ष रोकने के लिए एआई आधारित निगरानी टावर लगाने की योजना बना रहा है। करीब तीन करोड़ रुपए की योजना को जल्द मंजूरी के लिए राज्य मुख्यालय भेजा जाएगा। योजना के तहत हाथियों के आबादी वाले इलाकों में पहुंचने से पहले उनकी गतिविधि का पता लगाकर ग्रामीणों को अलर्ट किया जाएगा। वन प्रमंडल पदाधिकारी (डीएफओ) सौमित्र शुक्ला ने बताया कि मंजूरी मिलते ही काम शुरू होगा। इसे मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। हाथियों की आवाजाही वाले जयनगर और मरकच्चो प्रखंड के संवेदनशील इलाकों को प्राथमिकता दी जाएगी। वहां चार से पांच बड़े एआई टावर लगाए जाएंगे। इनकी निगरानी क्षमता 40 से 50 वर्ग किलोमीटर तक होगी। गांवों के आसपास हाथियों की सही लोकेशन जानने के लिए 50 छोटे टावर भी लगाए जाएंगे। किसी टावर के दायरे में हाथी की गतिविधि दर्ज होते ही वनकर्मियों, आसपास के ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के मोबाइल पर अलर्ट संदेश भेजा जाएगा। इससे लोगों को सुरक्षित जगह जाने का समय मिलेगा। रामगढ़, दलमा और पलामू के बाद कोडरमा झारखंड का चौथा जिला होगा, जहां यह तकनीक लगाई जाएगी। थर्मल ड्रोन कैमरे से बढ़ेगी निगरानी की क्षमता एआइ टावर के साथ ही वन विभाग ने हाथियों पर नजर रखने के लिए एक थर्मल ड्रोन कैमरा भी खरीदा है, जबकि तीन अन्य कैमरे खरीदने की तैयारी है। यह सामान्य कैमरे के विपरीत जीवों के शरीर से निकलने वाली गर्मी (तापीय संकेतों) के आधार पर उनकी पहचान करता है। इससे घने जंगल या रात के अंधेरे में भी हाथियों की सटीक मौजूदगी का पता चल सकेगा। इससे पहले विभाग हाथियों की निगरानी के लिए ‘एनाइडर्स’ (ANIDERS) सिस्टम का उपयोग करता था, जिसमें हूटर बजने की व्यवस्था थी। हालांकि, इसकी बड़ी खामी यह थी कि हाथियों के अलावा अन्य बड़े जानवरों के आने पर भी हूटर बजने लगता था, जिससे अलर्ट की विश्वसनीयता कम हो रही थी। नई एआइ प्रणाली सटीक विश्लेषण के बाद ही अलर्ट जारी करेगी। 2026 में आठ लोगों की गई जान, 162 स्थानों पर दिखे हाथी वर्ष 2026 में कोडरमा जिले में हाथियों का आतंक लगातार जारी रहा है। बीते करीब 10 महीनों में जिले के 162 अलग-अलग स्थानों पर हाथियों का झुंड देखा गया है, जिनके हमलों में अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है। मार्च में कोडरमा के मरियमपुर, बोनाकाली व मरकच्चो के हरलाडीह, अप्रैल में सतगावां के कटैया व जयनगर के कंझियाडीह, मई में भखरा, जून में डोमचांच के गोलगो व तेतरियाडीह तथा जुलाई में खंडराडीह में हाथियों ने भारी नुकसान पहुंचाया। जयनगर और मरकच्चो प्रखंड के अलावा बराकर नदी के किनारे बसे गांव इससे सर्वाधिक प्रभावित हैं। इसके अतिरिक्त मरकच्चो के जाम, नादकरी, दसारो, पपलो, कानीकेंद और सतगावां के गलबाती व राजाबर में भी हाथियों की सक्रियता बनी रहती है। मुआवजा और पेंशन का प्रावधान हाथियों के हमले से ग्रामीणों में भय का माहौल है। नुकसान की भरपाई के लिए वन विभाग की ओर से मुआवजा दिया जाता है। किसी व्यक्ति की मृत्यु होने पर कुल 10 लाख रुपए का मुआवजा तय है, जिसमें पांच लाख रुपए तत्काल आश्रित परिवार को दिए जाते हैं और शेष पांच लाख रुपए की एफडी कराई जाती है।

इसके साथ ही मृतक के आश्रित को अगले तीन वर्षों तक दो हजार रुपए प्रतिमाह पेंशन भी दी जाती है। इसके अलावा फसल, मकान और पशुधन के नुकसान पर भी नियमानुसार मुआवजे का प्रावधान है।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top