Last Updated:
Sonali Chicken Farming: झारखंड की राजधानी रांची की मुन्नी देवी, जोकि ओरमांझी ब्लॉक में रहती हैं, उन्होंने बताया कि वह सोनाली मुर्गी का पालन करती हैं. हालांकि वे और भी तरह की मुर्गियों का पालन करती हैं, लेकिन इनमें सोनाली मुर्गी काफी खास है. क्योंकि, यह ₹600 किलो बिकती है और एक मुर्गी 3-4 किलो तक होती है. ऐसे में कई बार एक की कीमत 2000 से ऊपर भी पहुंच जाती है. साथ में ये बकरी पालन भी करती हैं.
मुन्नी देवी ने लोकल 18 को बताया कि यह एकदम हष्ट-पुष्ट होती है और दिखने में भी बहुत ही खूबसूरत लगती है. यहां पर लोग कई बार बलि के लिए भी ले जाते हैं या शादी-पार्टी होती है, तो एक बार में चार-पांच ले जाते हैं. अभी कल ही एक साथ 20 का ऑर्डर आ गया, मेरे पास केवल दो बची हैं. ऐसा ऑर्डर आता है, तो एक बार में 30,000 की कमाई हो जाती है. ऐसा महीने में दो बार हो जाता है. इसे पालने के लिए आपको बढ़िया चारा भी देना पड़ेगा.
मुन्नी देवी बताती हैं, गर्मी में सबसे पहले इनके शरीर में दाने आने लगते हैं. अधिक गर्मी की वजह से ऐसे में हम लोग इन्हें दिन में दो बार नहलाते हैं और पानी में थोड़ा सा नीम का तेल डाल देते हैं या कई बार नीम के पानी से नहलाते हैं, इससे काफी राहत मिलती है.
इसके अलावा चारा देते रहना होता है. वैसे तो घर का जो हमारा खुटी चावल होता है, हम लोग वही देते हैं. उसकी क्वालिटी अच्छी होती है और इससे कई सारे पोषक तत्व मिल जाते हैं. लेकिन इसके अलावा सब्जी का छिलका और एकदम फ्रेश हरी घास भी देते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
खाना-पीना एकदम सही देना होता है. तभी यह बढ़िया अंडा भी देगी और खुद भी बीमारी से बची रहेगी. इसलिए एकदम साफ पानी देना होता है. जो हम लोग पानी पीते हैं, वही पानी देते हैं. बाजार से कैल्शियम की दवा भी आती है, उसको थोड़ा सा आटा में मिलाकर भी देते रहते हैं.
और जहां पर हम लोग पालते हैं, वहां का एरिया भी एकदम साफ-सफाई वाला रहता है. गोबर से अच्छे से लीप देते हैं. साफ-सफाई बहुत ही जरूरी होती है, क्योंकि गंदगी से ही बीमारी होती है. बस इतना ही करते हैं, इससे ज्यादा करने की जरूरत नहीं पड़ती.
मुन्नी देवी बताती हैं कि मुर्गी के साथ-साथ बकरी पालन भी करती हैं. इनका 900-1000 रुपए किलो रेट होता है. इन्हें भी एकदम फ्रेश चारा देते हैं. लेकिन ज्यादा फोकस हमारा सोनाली मुर्गी पर ही रहता है. इन दोनों को मिलाकर अच्छी-खासी कमाई हो जाती है, जिससे हमारा घर अच्छे से चलता है.