कथारा| बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के जारंगडीह न्यू शास्त्री नगर में बीती रात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के समय घर के सभी सदस्य शादी समारोह में शामिल होने बाहर गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और घर में रखे जेवर व नकदी लेकर फरार हो गए। आसपास के लोगों को घर में चोरी होने की आशंका हुई तो उन्होंने तत्काल इसकी सूचना गृहस्वामी उमा शंकर मंडल को दी। इसके बाद उमा शंकर मंडल ने घर के पास रहने वाले अपने भाई रामा शंकर मंडल को मामले की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे रामा शंकर मंडल ने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है और घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा है। घटना की सूचना तत्काल बोकारो थर्मल थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। रामा शंकर मंडल ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि चोर बच्चियों की दो जोड़ी सोने की बाली, एक सोने का नोज पिन और 1100 रुपए नकद चोरी कर ले गए। फिलहाल पुलिस संदिग्धों की तलाश में छापेमारी अभियान चला रही है।
Source link