Last Updated:
Amit Shah in Arunachal Pradesh: अमित शाह ने अरुणाचल प्रदेश में दावा किया कि जब भी भारत के विकास का इतिहास लिखा जाएगा, तो 2014 से 2026 तक का दौर निस्संदेह पूर्वोत्तर के लिए ‘सुनहरे अक्षरों’ में अंकित होगा. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने क्षेत्र में हवाई अड्डों और रेल संपर्क का विस्तार कर दिल्ली से पूर्वोत्तर की भौगोलिक दूरी को कम किया है.
अमित शाह ने कहा कि सियांग बांध परियोजना को लेकर लोगों की चिंताओं का बातचीत से समाधान किया जाएगा.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्वोत्तर भारत में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए विपक्षी दल कांग्रेस पर कटाक्ष किया है. शाह ने कहा कि 2014 से 2026 तक की अवधि को भारत के इतिहास में पूर्वोत्तर के लिए सुनहरे दौर के रूप में याद किया जाएगा. कांग्रेस के सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष जब भी यह पूछता है कि मोदी सरकार ने पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए क्या काम किया है, तो उन्हें हंसी आती है.
शाह ने ईटानगर में 21 नवंबर को कहा, “जब कांग्रेस पार्टी के नेता संसद के भीतर पूछते हैं कि मोदी सरकार ने पूर्वोत्तर के लिए क्या किया है, तो मुझे हंसी आती है. जब भी भारत के विकास का इतिहास लिखा जाएगा, तो 2014 से 2026 तक का दौर निस्संदेह पूर्वोत्तर के लिए सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा.” उन्होंने बंदरदेवा स्थित पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (पीटीसी) में कानून प्रवर्तन अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी सरकार के तहत, पूर्वोत्तर में हवाई अड्डों और रेल संपर्क के साथ बहुत तेज़ी से विकास हुआ है.
उन्होंने कहा, “ऐसा इसलिए है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और भारतीय जनता पार्टी ने इस क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में हवाई अड्डे और रेल संपर्क की सुविधा पहुंचाई है, जिससे दिल्ली से इसकी भौगोलिक दूरी कम हो गई है.” इसके अलावा, अमित शाह ने अरुणाचल प्रदेश की सियांग घाटी के लोगों को भरोसा दिया कि 11,200 मेगावाट की प्रस्तावित सियांग अपर बहुउद्देशीय परियोजना (एसयूएमपी) को लेकर उनकी चिंताओं का बातचीत के जरिए समाधान किया जाएगा.
अमित शाह ने कहा कि वह सियांग क्षेत्र के लोगों की भावनाओं और आशंकाओं से अवगत हैं तथा उनकी चिंताओं को दूर करने के लिए अरुणाचल प्रदेश आए हैं. उन्होंने कहा, “मैं सियांग के अपने भाइयों और बहनों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि हम आगे का रास्ता सकारात्मक बातचीत के जरिए निकालेंगे और आपको इस बारे में चिंता करने की जरूरत नहीं है.” केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि उन्हें मीडिया के जरिए लोगों की चिंताओं के बारे में पता चला है और लोगों द्वारा उठाए गए कई मुद्दे महत्वपूर्ण हैं.
अरुणाचल प्रदेश में विकास की संभावनाओं, देश की ऊर्जा सुरक्षा तथा राज्य के आर्थिक और सुरक्षा हितों का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि सरकार इन सभी पहलुओं और स्थानीय समुदायों की आकांक्षाओं के बीच संतुलन बनाए रखने की जरूरत से अवगत है. उन्होंने कहा, “स्थानीय संस्कृति के प्रति आपके मन में जितना सम्मान है, उतना ही सम्मान मेरे और सरकार के मन में भी है. हम इस क्षेत्र की परंपराओं, संस्कृति और धर्म से कोई समझौता किए बिना आगे बढ़ेंगे.”
शाह ने लोगों से राज्य सरकार के साथ बातचीत करने और राज्य प्रशासन के जरिए अपनी चिंताओं से केंद्रीय गृह मंत्रालय को अवगत कराने की अपील की. उन्होंने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर आगे बढ़ते समय लोगों को विश्वास में लेगी. शाह ने दोहराया कि परियोजना से जुड़ी चिंताओं का समाधान सकारात्मक बातचीत के जरिए ही किया जाएगा.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…