Last Updated:
महाराष्ट्र में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ को लेकर विवाद बढ़ गया है. भाजपा विधायक कृष्णा खोपड़े ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर किताब की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है. उनका आरोप है कि किताब में कुछ ऐसी बातें हैं, जो महाराष्ट्र और देश में सांप्रदायिक तनाव पैदा कर सकती हैं. उन्होंने वीर सावरकर पर की गई टिप्पणियों पर भी सवाल उठाए हैं.
सोनिया गांधी की किताब पर प्रतिबंध की मांग को लेकर भाजपा विधायक कृष्णा खोपड़े ने महाराष्ट्र सीए देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखा है. (Image: PTI)
नागपुर. सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ को बैन करने की मांग उठी है. यह मांग बीजेपी विधायक कृष्णा खोपड़े की तरफ से आई है. उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर राज्य में इस किताब की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है. उन्होंने आरोप लगाया कि इस किताब में मौजूद कंटेंट राज्य और देश में सांप्रदायिक तनाव भड़का सकता है.
बीजेपी विधायक कृष्णा खोपड़े के अनुसार, सोनिया गांधी ने इस किताब को अपनी आत्मकथा के तौर पर प्रकाशित किया है. लेकिन, इस किताब में ऐसी बातें हैं जो देश के माहौल को खराब कर सकती हैं और दंगे भड़का सकती हैं. उन्होंने दावा किया कि यह किताब एक सोची-समझी योजना के तहत प्रकाशित की गई है. भारत की संस्कृति के बारे में सोनिया गांधी की जानकारी पर सवाल बीजेपी विधायक ने गंभीर सवाल उठाए हैं.
सोनिया गांधी की किताब को लेकर बीजेपी एमएलए ने क्या-क्या कहा?
- बीजेपी विधायक ने कहा कि देश की आजादी के लिए अनगिनत लोगों ने अपनी जान कुर्बान कर दी. लेकिन, ऐसा लगता है कि सोनिया गांधी को उनके योगदान के बारे में पता ही नहीं है. कई क्रांतिकारियों ने देश के लिए अपना सब कुछ, यहां तक कि अपने परिवारों को भी न्योछावर कर दिया, लेकिन उनकी ये कुर्बानियां सोनिया गांधी की समझ में कहीं नहीं दिखीं.
- भाजपा विधायक ने किताब में वीर सावरकर पर की गई टिप्पणियों का जिक्र किया है. उनका दावा है कि सोनिया गांधी को हिंदुत्व विचारक की भूमिका और उनके बलिदानों के बारे में कोई जानकारी नहीं है. उनके मुताबिक, अपनी किताब जारी करने से पहले सोनिया गांधी को भारतीय संस्कृति को समझना चाहिए था और औपनिवेशिक शासन के खिलाफ देश के संघर्ष का अध्ययन करना चाहिए था.
- खोपड़े ने यह भी कहा कि चूंकि कांग्रेस नेता मूल रूप से इतालवी हैं, इसलिए भारत से उनका कोई सीधा जुड़ाव नहीं है. उन्होंने आगे कहा कि भारतीय संस्कृति को समझना आसान नहीं है और बड़े-बड़े विद्वानों के लिए भी इसकी गहराई को समझना एक चुनौती है. भाजपा विधायक ने कहा कि आमतौर पर राजनीतिक आत्मकथाओं में किसी नेता की निजी यात्रा, उनके कार्यकाल की उपलब्धियों, विकास कार्यों, जनता को दिए गए लाभों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा होती है.
- उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने अपनी किताब में कई ऐसे विषय शामिल किए हैं, जो बेहद आपत्तिजनक है. जो कोई भी इस किताब को पढ़ेगा, वह यही निष्कर्ष निकालेगा कि सोनिया गांधी ने एक गलती की है. खोपड़े ने कहा कि ऐसे मुद्दों पर बात करने के बजाय, सोनिया गांधी को कांग्रेस पार्टी की विचारधारा और उसके पतन पर विचार करना चाहिए था.
400 से 100 सीटों में आई कांग्रेस
उन्होंने कहा कि कभी कांग्रेस के पास लगभग 400 सीटें हुआ करती थीं, लेकिन अब यह 100 से भी नीचे आ गई है और कई राज्यों से तो पूरी तरह खत्म हो चुकी है. महाराष्ट्र में भी पार्टी की हालत काफी खराब हुई है. अगर सोनिया गांधी ने पुरानी और आज की कांग्रेस के बीच के अंतर का विश्लेषण किया होता, तो शायद पार्टी को इससे फायदा होता. इसके बजाय, राजनीतिक फायदे के लिए ऐसे मुद्दों को शामिल करना, जिनसे समाज में बंटवारा हो और अशांति फैले, बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है.