भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

बागडोगरा एयरपोर्ट: चिकन नेक की धड़कन, राफेल के झपट्टे से 10 मिनट...


होमताजा खबरदेश

बागडोगरा: चिकन नेक की धड़कन, राफेल के झपट्टे से 10 मिनट की दूरी पर चीन

Last Updated:

Bagdogra Airport: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की भारत यात्रा के बीच रणनीतिक रूप से अहम सिलिगुड़ी कॉरिडोर यानी चिकन नेक पर स्थित बागडोगरा एयरपोर्ट सुर्खियों में है. मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि भारत ने नेपाल के बागडोगरा एंट्री पॉइंट के इस्तेमाल के जरिए अपने सैन्य विमानों को उड़ान की अनुमति देने का प्रस्ताव रखा है. हालांकि, भारत ने इस रिपोर्ट का खंडन किया है. बागडोगरा एयरपोर्ट की अहमियत इस बात से ही समझी जा सकती है कि यहां से नेपाल, भूटान और चीन चंद मिनटों की दूरी पर स्थित है. चीन के मंसूबों को देखते हुए इस एयरपोर्ट के महत्‍व का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है.

बागडोगरा: चिकन नेक की धड़कन, राफेल के झपट्टे से 10 मिनट की दूरी पर चीनZoom

बागडोगरा एयरपोर्ट से चीन बॉर्डर तकरीबन 200 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. (गूगल मैप से साभार)

Bagdogra Airport: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह भारत की यात्रा पर हैं. इसी दौरान नेपाल, भूटान और चीन की सीमा के करीब स्थित बागडोगरा एयरपोर्ट सुर्खियों में आ गया है. सिलिगुड़ी कॉरिडोर यानी चिकन नेक पर स्थित इस एयरपोर्ट से इन तीनों पड़ोसी देशों को 20 मिनट से भी कम समय में नापा जा सकता है. राफेल फाइटर जेट जैसे एयरक्राफ्ट से तो बागडोगरा से चीन बॉर्डर पर 10 मिनट से भी कम समय में पहुंचा जा सकता है. नेपाली पीएम की भारत यात्रा से पहले आई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि भारत ने काठमांडू के समक्ष बागडोगरा एंट्री पॉइंट के इस्तेमाल के जरिए अपने सैन्य विमानों को उड़ान की अनुमति देने का प्रस्ताव रखा है. हालांकि, नई दिल्‍ली ने इन रिपोर्टों को खारिज किया है. इन सबके बीच, बागडोगरा एयरपोर्ट की अहमियत फिर से सामने आई है. चीन, नेपाल और भूटान के साथ ही बांग्‍लादेश भी यहां से पास स्थित है. ऐसे में बागडोगरा एयरपोर्ट पर राफेल, S-400, ब्रह्मोस क्रूज मिसाइल जैसे एडवांस डिफेंस सिस्‍टम के डिप्‍लॉयमेंट का रणनीतिक और सामरिक महत्‍व काफी ज्‍यादा हो जाता है. बता दें कि चीन के साथ 1962 में हुई जंग के बाद चिकन नेक पर बागडोगरा एयरपोर्ट को अस्तित्‍व में लाया गया था. बता दें कि भारत चिकन नेक को अभेद्य किला बनाने के लिए इस इलाके को हाई-स्‍पीड रेल और एक्‍सप्रेसवे से कनेक्‍ट करने की योजना बना चुका है.

पश्चिम बंगाल का बागडोगरा एयरपोर्ट आज देश के प्रमुख नागरिक हवाई अड्डों (Civil Airport) में शामिल है, लेकिन इसका सामरिक महत्व 1962 के भारत-चीन युद्ध से जुड़ा है. चीन के साथ युद्ध के दौरान पूर्वोत्तर क्षेत्र में भारतीय वायुसेना के मजबूत सैन्य ठिकानों की कमी महसूस हुई थी. इसी जरूरत को देखते हुए नवंबर 1962 में बागडोगरा को इंडियन एयरफोर्स के स्थायी एयरबेस के रूप में विकसित किया गया. युद्ध के दौरान बागडोगरा हवाई पट्टी ने पूर्वोत्तर सीमांत एजेंसी (नेफा) और सिक्किम में तैनात भारतीय सैनिकों की मदद के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. यहां से मिलिट्री ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट और हेलीकॉप्टरों के जरिए सैनिकों तक रसद और अन्य जरूरी सामान पहुंचाया जाता था. दुर्गम पहाड़ी इलाकों में आपूर्ति पहुंचाने के लिए यह हवाई ठिकाना बेहद उपयोगी साबित हुआ. हालांकि, युद्ध के दौरान भारतीय वायुसेना ने लड़ाकू विमानों की मौजूदगी के बावजूद चीन के खिलाफ आक्रामक हवाई हमले नहीं किए थे. तत्कालीन सरकार को आशंका थी कि भारतीय लड़ाकू विमानों के इस्तेमाल से चीन जवाबी कार्रवाई कर सकता है और कोलकाता जैसे बड़े शहरों को निशाना बना सकता है.

बागडोगरा हवाई अड्डा: 5 प्‍वाइंट में समझें इसकी अहमियत

  1. पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी (चिकन नेक) के पास स्थित बागडोगरा हवाई अड्डा (IXB) दार्जिलिंग, सिक्किम, कालिम्पोंग और डुआर्स क्षेत्र के लिए प्रमुख हवाई प्रवेश द्वार है. यह भारतीय वायुसेना के एयरबेस परिसर में सिविल एन्क्लेव के रूप में ऑपरेट होता है.
  2. बागडोगरा एयरपोर्ट से सिक्किम स्थित भारत-चीन सीमा के निकट नाथुला दर्रे तक सड़क मार्ग से दूरी करीब 180 से 190 किलोमीटर है. NH-10 और NH-310 से यह दूरी लगभग 188 किलोमीटर पड़ती है. इस सफर को पूरा करने में करीब 6 से साढ़े 6 घंटे का समय लगता है. नाथुला पास भारत और चीन के बीच एक महत्वपूर्ण बॉर्डर प्‍वाइंट है.
  3. एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) द्वारा ऑपरेट यह हवाई अड्डा पश्चिम बंगाल में कोलकाता के बाद दूसरा सबसे व्यस्त हवाई अड्डा है. यहां से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन होता है.
  4. बागडोगरा से दिल्ली, कोलकाता, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद और गुवाहाटी जैसे प्रमुख शहरों के लिए उड़ानें उपलब्ध हैं. इसके अलावा बैंकॉक और पारो जैसे अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए भी हवाई संपर्क है.
  5. हवाई अड्डे के टर्मिनल के विस्तार का काम जारी है. नवंबर 2026 में भारत ने नेपाल के पूर्वी हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल को लेकर प्रस्तावित समझौते की पहल की है, जिससे बागडोगरा से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को लाभ मिल सकता है. सिक्किम के बर्टुक हेलीपोर्ट और बागडोगरा के बीच MI-172 हेलीकॉप्टर सेवा भी दोबारा शुरू करने की घोषणा की गई है.

IAF को सौंपा गया
चीन के साथ युद्धविराम के बाद बागडोगरा एयरफील्ड का नियंत्रण नागरिक उड्डयन मंत्रालय से भारतीय वायुसेना को सौंप दिया गया. इसके बाद 29 नवंबर 1962 को यहां वायुसेना की 20वीं विंग (नंबर 20 विंग) की औपचारिक स्थापना की गई. इसका प्रमुख उद्देश्य रणनीतिक रूप से संवेदनशील सिलिगुड़ी कॉरिडोर की सुरक्षा करना था. यह गलियारा भारत के पूर्वोत्तर राज्यों को देश के शेष हिस्से से जोड़ता है और इसे ‘चिकन नेक’ भी कहा जाता है. यह एयरबेस सिक्किम और भूटान की सीमाओं तक पहुंचने वाले सामरिक मार्गों की सुरक्षा के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है. यहां तैनात वायुसेना की इकाइयां सेना की 33वीं कोर के साथ समन्वय में काम करती हैं. वर्तमान में बागडोगरा दोहरी भूमिका निभा रहा है. यह भारतीय वायुसेना की पूर्वी वायु कमान के तहत महत्वपूर्ण सैन्य ठिकाना होने के साथ-साथ एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) के प्रबंधन में नागरिक हवाई अड्डे के रूप में भी ऑपरेट होता है.

नेपाल-भूटान-चीन बॉर्डर से करीब
पश्चिम बंगाल का बागडोगरा एयरपोर्ट भारत की तीन अंतरराष्ट्रीय सीमाओं नेपाल, भूटान और चीन (तिब्बत) के नजदीक स्थित होने के कारण सामरिक और भू-राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है. एयरपोर्ट से नेपाल सीमा के पानीटंकी-काकड़भिट्टा तक करीब 20-25 किलोमीटर, भूटान के जयगांव-फुंटशोलिंग तक 155-165 किलोमीटर और सिक्किम के नाथू ला दर्रे (चीन सीमा) तक लगभग 175-180 किलोमीटर की सड़क दूरी है. भारतीय वायु सेना के एयरबेस के भीतर सिविल एन्क्लेव के रूप में संचालित यह एयरपोर्ट सैन्य और नागरिक परिवहन के लिहाज से अहम है. यह सिलीगुड़ी कॉरिडोर के निकट भी स्थित है, जो पूर्वोत्तर भारत को शेष देश से जोड़ता है.

About the Author

Manish Kumar

बिहार, उत्‍तर प्रदेश और दिल्‍ली से प्रारंभिक के साथ उच्‍च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्‍ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्‍लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…

और पढ़ें



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top