भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

न फूंक मारने का झंझट, न बार-बार पंखा झलना… जमशेदपुर के कांजीराम...


जमशेदपुर. अगर आप भी लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाना पसंद करते हैं, लेकिन बार-बार फूंक मारने या हाथ से पंखा झलने की परेशानी से बचना चाहते हैं, तो आपके लिए जमशेदपुर के कांजीराम ने एक शानदार चूल्हा तैयार किया है. इस चूल्हे की खासियत यह है कि इसमें बिना गैस और बिजली के लकड़ी जलाकर आसानी से खाना बनाया जा सकता है. इतना ही नहीं, इसमें एक खास तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जिससे आग को अपनी जरूरत के हिसाब से कम या ज्यादा भी किया जा सकता है.

कांजीराम ने बताया कि इस चूल्हे को खास तौर पर उन लोगों की परेशानी को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है, जो आज भी लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाना पसंद करते हैं. अक्सर लकड़ी जलाने के लिए लोगों को बार-बार पंखे से हवा करनी पड़ती है या फिर फूंक मारनी पड़ती है. इससे काफी परेशानी होती है. इसी समस्या का समाधान निकालते हुए उन्होंने इस खास चूल्हे का निर्माण किया है.

चूल्हे में बैटरी और छोटा पंखा
इस चूल्हे में एक बैटरी और छोटा पंखा लगाया गया है, जो इसकी सबसे बड़ी खासियत है. कांजीराम के अनुसार, बैटरी को करीब 5 घंटे चार्ज करने के बाद लगभग 2 दिनों तक इस्तेमाल किया जा सकता है. इसमें तीन स्टेप वाला रेगुलेटर भी दिया गया है, जिसकी मदद से आग की गति को नियंत्रित किया जा सकता है. यानी अगर आपको धीमी आंच पर खाना पकाना है, तो आग कम कर सकते हैं और अगर तेज आंच की जरूरत है, तो रेगुलेटर बढ़ाकर आग को तेज कर सकते हैं.

आंच को नियंत्रित किया जा सकता है
इसका डिजाइन भी काफी सुविधाजनक बनायी गयी है. इसमें लकड़ी डालने के लिए अलग से जगह दी गई है, जहां से आप आसानी से लकड़ी डालकर आग जला सकते हैं. इसके ऊपर बर्तन रखकर आराम से खाना बनाया जा सकता है. खास बात यह है कि इसमें लकड़ी से मिलने वाली पारंपरिक आंच और खाने का स्वाद भी बरकरार रहता है. चाहे दाल-चावल बनाना हो, सब्जी पकानी हो या फिर कोई दूसरी डिश तैयार करनी हो, अपनी जरूरत के अनुसार आंच को नियंत्रित किया जा सकता है.

अलग-अलग मॉडल उपलब्ध
कीमत की बात करें तो कांजीराम ने इस चूल्हे को अलग-अलग मॉडल में तैयार किया है, जिनकी कीमत करीब 2,000 से 2,500 रुपये तक रखी गई है. स्थानीय लोगों के बीच भी इस तरह के चूल्हे को लेकर अच्छी रुचि देखने को मिल रही है. खासकर ग्रामीण इलाकों और लकड़ी पर खाना बनाने वाले परिवारों के लिए यह काफी उपयोगी साबित हो सकता है.

कांजीराम का कहना है कि उनका उद्देश्य पारंपरिक लकड़ी के चूल्हे को थोड़ा आधुनिक और सुविधाजनक बनाना है, ताकि लोगों को खाना बनाने के दौरान होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके. यह चूल्हा उन लोगों के लिए एक नया विकल्प है, जो लकड़ी के चूल्हे पर बने खाने का स्वाद भी चाहते हैं और बार-बार हवा करने की परेशानी से भी छुटकारा पाना चाहते हैं.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top