SP Congress Alliance: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अभी तो वैसे समय है. लेकिन बिसात अभी से बिछने लगी है. दिल्ली में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर औपचारिक बातचीत शुरू हो गई है. सीटों के मोलभाव उसके लिए मीटिंग करने के लिए दोनों दलों की तरफ से नेताओं का चुना गया है. लेकिन इस चुने गए नेता में दो नेताओं की खूब चर्चा है. दोनों मुस्लिम हैं. दोनों अलग-अलग पार्टी के भी हैं. लेकिन दोनों पश्चिमी यूपी से आते हैं. एक नाम इमरान मसूद जो कांग्रेस से हैं. दूसरी तरफ इकरा हसन जो सपा से हैं. कांग्रेस ने पश्चिमी यूपी के अपने दिग्गज और आक्रामक नेता इमरान मसूद को मोलभाव की मेज पर उतारा है, तो दूसरी तरफ सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपनी सबसे युवा और भरोसेमंद सांसद इकरा हसन को इस मोर्चे पर तैनात किया है. लेकिन सियासी गलियारों में सवाल उठ रहा है कि आखिर दिग्गजों की मौजूदगी के बावजूद अखिलेश ने इकरा हसन को ही क्यों चुना? इसके पीछे पश्चिमी यूपी की राजनीति का एक गहरा समीकरण छिपा है. उसकी कहानी समझते हैं.
कांग्रेस के मसूद, सपा की तरफ से इकरा
मीडिया में छपी खबर के मुताबिक, दिल्ली में सपा और कांग्रेस की पहली बैठक हो रही है. यह बैठक कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के दिल्ली स्थित आवास पर हो रही है. बातचीत का यह दौर 23 से 25 नवंबर तक चलने की संभावना है. कांग्रेस ने यूपी में सीट शेयरिंग पर बातचीत के लिए पांच सदस्यीय कमेटी बनाई है. इसमें प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद शामिल हैं. वहीं, समाजवादी पार्टी की तरफ से अखिलेश यादव ने चार सदस्यीय कमेटी बनाई है. इसमें राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और कैराना की सांसद इकरा हसन को जिम्मेदारी दी गई है.
मसूद के अनुभव की काट बनेंगी इकरा?
पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में मुस्लिम मतदाताओं की भूमिका हमेशा से निर्णायक रही है. सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद इस इलाके के बेहद पुराने और मुखर नेता माने जाते हैं. कांग्रेस ने उन्हें कमेटी में रखकर यह साफ कर दिया है कि वह अपनी मजबूत सीटों पर कोई समझौता नहीं करेगी. दूसरी तरफ अखिलेश यादव ने इमरान के पड़ोसी क्षेत्र कैराना की सांसद इकरा हसन पर भरोसा जताया है. इकरा एक प्रतिष्ठित राजनीतिक परिवार से आती हैं और अपनी सौम्य व तर्कशील शैली के लिए जानी जाती हैं.
आक्रामकता के सामने तार्किक संवाद की रणनीति
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मोलभाव की टेबल पर जब एक पक्ष आक्रामक होता है, तो दूसरे पक्ष को शांत दिमाग वाले चेहरे की जरूरत होती है. मीडिया में छपी खबरों के अनुसार, कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन के आधार पर 181 सीटों की सूची सौंपी है. वहीं सपा पिछले विधानसभा नतीजों के हिसाब से सीटें देने के पक्ष में है. ऐसे में इकरा हसन बिना किसी टकराव के आंकड़ों और जमीनी हकीकत के साथ सपा का पक्ष मजबूती से रख सकेंगी.
वेस्ट यूपी के समीकरण साधने का दांव
अखिलेश यादव के इस फैसले के पीछे एक बड़ा सियासी संदेश भी छिपा है. वे यह दिखाना चाहते हैं कि पार्टी में युवा और महिला नेतृत्व को बड़े फैसले लेने का पूरा हक है. इसके अलावा, इमरान मसूद और इकरा हसन दोनों ही एक ही क्षेत्र और समुदाय से आते हैं. इससे कांग्रेस के लिए पश्चिमी यूपी की सीटों पर एकतरफा दावा ठोकना आसान नहीं होगा. फिलहाल दिल्ली में चल रही इस बैठक पर सभी की नजरें टिकी हैं.
मसूद और इकरा के बीच पहले भी हुई थी बयानबाजी
दोनों नेता एक दूसरे पर तंज पहले से कस चुके हैं. सितंबर 2026 में तो जमकर राजनीतिक बयानबाजी भी हुई थी. इमरान मसूद ने सीट बंटवारे में देरी पर तब सवाल उठाए थे. उन्होंने जल्द फैसला करने और जरूरत पड़ने पर कांग्रेस के अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी की बात कही थी. इसके जवाब में इकरा हसन ने भी कांग्रेस को लेकर समाजवादी पार्टी का पक्ष रखा था. अब दोनों नेताओं का अपनी-अपनी पार्टियों की सीट शेयरिंग कमेटी में शामिल हैं. तो बात बराबर की होनी मानी जा रही है.
संदेश साफ है: नेतृत्व की नई पीढ़ी और संतुलन
अखिलेश यादव के इस फैसले के दो बड़े संदेश हैं. पहला, वे यह दिखाना चाहते हैं कि सपा में युवा और महिला नेतृत्व को अहम फैसले लेने की पूरी आजादी है. दूसरा, इमरान मसूद और इकरा हसन दोनों ही एक ही क्षेत्र और समुदाय से आते हैं, जिससे कांग्रेस के लिए किसी भी सीट पर ‘मुस्लिम प्रतिनिधित्व’ का एकतरफा कार्ड खेलना आसान नहीं होगा. फिलहाल, दिल्ली में शुरू हुई इस बातचीत पर सबकी निगाहें टिकी हैं. यह देखना दिलचस्प होगा कि सहारनपुर के ‘फायरब्रांड’ अनुभव और कैराना की ‘युवा सूझबूझ’ के बीच सीटों का यह तालमेल किस करवट बैठता है.