भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

सोनू हाड़ी की मौत का मामला, निगम ने लिया फैसला:कर्मियों के पार्थिव...




गिरिडीह नगर निगम ने सफाईकर्मी सोनू हाड़ी की मौत के बाद संविदा पर तैनात सभी सफाईकर्मियों और कर्मचारियों के सम्मान के लिए नए फैसले लिए हैं। अब किसी कर्मचारी की मौत होने पर शव को निगम कार्यालय लाकर फूल-माला से श्रद्धांजलि दी जाएगी। मृतक के आश्रित परिवार के एक सदस्य को नौकरी और अंतिम संस्कार के लिए 10,500 रुपए दिए जाएंगे। आठ पूर्व दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को भी नौकरी देने का फैसला लिया गया है। दरअसल, तीन दिन पहले पचंबा निवासी सोनू हाड़ी की तालाब में डूबने से मौत हो गई थी। परिजनों और सहकर्मियों ने निगम को सूचना दी, लेकिन समय पर शव वाहन की व्यवस्था नहीं हुई। कचरा उठाने वाले वाहन से शव पहुंचाया था अस्पताल इसके बाद साथी सफाईकर्मियों ने कचरा उठाने वाले वाहन में सोनू का शव रखकर पचंबा से सदर अस्पताल पहुंचाया। इस घटना की तस्वीर सामने आने के बाद नगर निगम की कार्यशैली पर नाराजगी जताई गई। मामले की जानकारी मिलने पर महापौर प्रमिला मेहरा, उपमहापौर सुमित कुमार और निगम के अन्य अधिकारी सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घटना पर नाराजगी जताई और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही। हड़ताल कर कई मांगें रखी गई वहीं, मंगलवार को सोनू हाड़ी और निगम की व्यवस्था के विरोध में सफाईकर्मी हड़ताल पर चले गए। उन्होंने मृतक के परिवार को सम्मान और आश्रित को नौकरी देने समेत कई मांगें रखीं। इसके बाद निगम प्रशासन हरकत में आया। हड़ताल के बाद नगर निगम कार्यालय में महापौर प्रमिला मेहरा, उपमहापौर सुमित कुमार, नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुआ और कर्मचारी संघ के नेता अशोक सिंह की मौजूदगी में सफाईकर्मियों के साथ वार्ता हुई। काफी देर तक चली चर्चा के बाद कई अहम निर्णय लिए गए। तय हुआ कि भविष्य में निगम के किसी भी कर्मचारी की मौत होने पर उनके पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक निगम कार्यालय लाया जाएगा और फूल-माला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके अलावा अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को तत्काल 10 हजार 500 रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी तथा परिवार के एक सदस्य को नौकरी उपलब्ध कराई जाएगी। आठ कर्मचारियों के आश्रितों को भी नौकरी दी जाएगी बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पूर्व में दिवंगत हो चुके नगर निगम के आठ कर्मचारियों के आश्रितों को भी नौकरी दी जाएगी। वहीं, बरमसिया स्थित मारवाड़ी श्मशान घाट में अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों से अधिकतम तीन हजार रुपये की रसीद काटी जाएगी। इससे अधिक राशि की वसूली नहीं होगी। श्मशान घाट में अधिक पैसे वसूले जाने की शिकायतें लगातार सामने आती रही थीं। इसके अलावा सफाईकर्मियों को समय पर वेतन भुगतान करने पर भी सहमति बनी। निर्णय लिया गया कि महीने के अंत के एक से दो दिनों के भीतर कर्मचारियों के खाते में वेतन भेज दिया जाएगा। वहीं, पर्व-त्योहारों के दौरान मिलने वाली अग्रिम राशि की कटौती पांच महीने में किस्तों के रूप में की जाएगी। नगर निगम के इन फैसलों से सफाईकर्मियों में संतोष देखा जा रहा है। हालांकि, कर्मचारियों का कहना है कि सोनू हाड़ी अब वापस नहीं लौट सकते, लेकिन उनकी मौत के बाद जिस अपमान का सामना करना पड़ा, उसने पूरे निगम के कर्मचारियों को अपने सम्मान और अधिकारों के लिए आवाज उठाने का मौका दिया है। सोनू ने जीते जी शहर को साफ रखने में अपनी अहम भूमिका निभाई और जाते-जाते अपने साथियों को सम्मान दिलाने की लड़ाई की वजह बन गए।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top