Last Updated:
Ranchi Street Lights Theft Case : झारखंड की राजधानी रांची में अब शहर को रोशन करने वाली स्ट्रीट लाइट भी चोरों के निशाने पर हैं. वार्ड 40 से करीब 30 स्ट्रीट लाइट चोरी होने का मामला सामने आया है. इसकी जानकारी मिलने के बाद रांची नगर निगम ने धुर्वा थाना में सनहा दर्ज कराया है. अपर नगर आयुक्त संजय कुमार ने पुलिस से चोरी में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने को कहा है. नगर निगम ने सरकारी संपत्ति की चोरी और तोड़फोड़ करने वालों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है. साथ ही आम लोगों से टोल फ्री नंबर 18005701235 पर सूचना देने की अपील की है.
रांची में अब शहर को रोशन करने वाली स्ट्रीट लाइट भी चोरों के निशाने पर हैं. (AI Photo)
रांची. राजधानी रांची में चोर अब घरों और दुकानों तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि शहर को रोशन करने वाली स्ट्रीट लाइट भी उनके निशाने पर आ गई हैं. हैरानी की बात यह है कि एक-दो नहीं, बल्कि वार्ड 40 से करीब 30 स्ट्रीट लाइट चोरी हो गई हैं. इस घटना ने नगर निगम की सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. मामले में रांची नगर निगम ने धुर्वा थाना में सनहा दर्ज कराया है और पुलिस से चोरों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है.
दरअसल, वार्ड 40 की पार्षद ने इलाके से लगातार स्ट्रीट लाइट चोरी होने की शिकायत नगर निगम के अधिकारियों से की थी. शिकायत मिलने के बाद अपर नगर आयुक्त संजय कुमार ने मामले को गंभीरता से लिया और विद्युत शाखा के सहायक अभियंता को तत्काल मौके पर जाकर जांच करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान करीब 30 स्ट्रीट लाइट गायब होने की जानकारी सामने आई. इसके बाद नगर निगम की ओर से धुर्वा थाना में सनहा दर्ज कराया गया.
शहर को रोशन करने वाली लाइटें ही चोरों के निशाने पर
स्ट्रीट लाइट का इस्तेमाल आम लोगों की सुरक्षा और सहूलियत के लिए किया जाता है. रात के समय सड़कों और गलियों में रोशनी रहने से लोगों को आवागमन में आसानी होती है. लेकिन बड़ी संख्या में लाइटों की चोरी से इलाके की सार्वजनिक सुविधा प्रभावित होने की आशंका है. अब सवाल यह है कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में स्ट्रीट लाइटें कैसे चोरी हो गईं और इसके पीछे कौन लोग हैं?
अपर नगर आयुक्त संजय कुमार ने धुर्वा थाना प्रभारी से मामले में त्वरित कार्रवाई करने और चोरी में शामिल लोगों की पहचान करने को कहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम की संपत्ति आम जनता की सुविधा और शहर के विकास के लिए है. इसे नुकसान पहुंचाने या चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
चोरी की जानकारी देने के लिए जारी किया टोल फ्री नंबर
नगर निगम ने इस मामले में आम लोगों से भी सहयोग मांगा है. निगम की अपील है कि यदि किसी को स्ट्रीट लाइट, सरकारी उपकरण या अन्य सार्वजनिक संपत्ति की चोरी और तोड़फोड़ की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तत्काल दी जाए.
इसके लिए नगर निगम ने टोल फ्री नंबर 18005701235 जारी किया है. निगम का कहना है कि सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है. अब देखना होगा कि 30 स्ट्रीट लाइटों की चोरी के मामले में पुलिस कब तक आरोपियों तक पहुंच पाती है.
About the Author
Utkarsh Kumar is a senior multimedia journalist and digital newsroom leader with more than 15 years of experience across print, television, and digital media. He currently serves as the Chief S…