Agency:एजेंसियां
Last Updated:
बिहार के सासाराम के एक जज पर सुप्रीम कोर्ट भड़क गया. मामला एसपी के खिलाफ आपराधिक केस दर्ज कराने और उन्हें अदालत के आदेश की अवहेलना का दोषी ठहराने से जुड़ा है. जज ने एक गवाह के खिलाफ FIR दर्ज करने का आदेश दिया था. एसपी ने इसका पालन नहीं किया तो जज ने उनके खिलाफ ही केस दर्ज करा दिया और एक रुपए का जुर्माना भी लगाया. हाईकोर्ट की टिप्पणियों से नाराज जज सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे. सुनवाई के दौरान पीठ ने उन्हें नसीहत दी कि ‘बाहुबली मत बनिए’ और अपने अधिकार क्षेत्र की सीमाएं समझिए.
सुप्रीम कोर्ट ने जज के वकील कहा कि वह अपने मुवक्किल को यह संदेश दें कि उन्हें बिहार का ‘बाहुबली’ बनने की जरूरत नहीं है. (फाइल फोटो)
बिहार के सासाराम में एक जज और पुलिस अधीक्षक के बीच शुरू हुई कानूनी खींचतान अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गई है. मामला ऐसा है जिसमें एक अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश ने अपने आदेश का पालन नहीं करने पर जिले के एसपी के खिलाफ ही आपराधिक केस दर्ज करने का निर्देश दे दिया था. बात यहीं नहीं रुकी. जज ने एसपी को अदालत में पेश होने के लिए कहा और बाद में उन्हें अदालत के आदेश की अवहेलना का दोषी ठहराते हुए एक रुपए का जुर्माना भी लगा दिया. अब इसी मामले में सुप्रीम कोर्ट ने जज के रवैये पर कड़ी नाराजगी जताई है. अदालत ने साफ शब्दों में कहा कि न्यायिक अधिकारी को अपनी ताकत दिखाने के बजाय अधिकार क्षेत्र और कानूनी प्रक्रिया की मर्यादा समझनी चाहिए.
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान जज को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें ‘बाहुबली’ बनने की कोशिश नहीं करनी चाहिए. चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अगुवाई वाली पीठ ने सवाल उठाया कि आखिर एक जिला जज इस तरह कैसे काम कर सकता है? पीठ ने यह भी पूछा कि जब हाईकोर्ट के निरीक्षण न्यायाधीश ने उन्हें केस के रिकॉर्ड के साथ पटना बुलाया था तो वह मिलने क्यों नहीं गए? जज ने हाईकोर्ट की टिप्पणियों को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था. उनका तर्क था कि किसी IAS या IPS अधिकारी के खिलाफ आदेश देने पर पूरी व्यवस्था अधिकारी को बचाने में जुट जाती है और न्यायिक अधिकारी अकेला पड़ जाता है. हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने उनके कामकाज के तरीके पर सवाल उठाए.
गवाह के खिलाफ FIR का आदेश देने से शुरू हुआ विवाद
पूरा मामला एक आपराधिक मुकदमे की सुनवाई के दौरान शुरू हुआ. सासाराम के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश ने एक गवाह पर झूठी गवाही देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को उसके खिलाफ FIR दर्ज करने का निर्देश दिया था. जब एसपी ने बार-बार समन भेजे जाने के बावजूद अदालत के आदेश का पालन नहीं किया तो जज ने बिहार के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने को कहा.
एसपी के खिलाफ केस दर्ज कराने तक पहुंचा मामला
मुख्य सचिव की ओर से भी अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई तो जज ने एसपी के खिलाफ ही आपराधिक मामला दर्ज करने का निर्देश दे दिया. उन्हें 22 अगस्त को अदालत में पेश होने के लिए कहा गया. दो बार सुनवाई टलने के बाद एसपी के वकील ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश होने की अनुमति मांगी. दलील दी गई कि एसपी बाढ़ राहत कार्यों की निगरानी में व्यस्त हैं. इस बीच जज ने 29 सितंबर को एसपी को अदालत के आदेश की अवहेलना का दोषी ठहराया और एक रुपए का जुर्माना लगा दिया.
हाईकोर्ट के निरीक्षण जज से मिलने से भी किया था इनकार
इसी दौरान पटना हाईकोर्ट के निरीक्षण न्यायाधीश ने सासाराम के जज को केस के रिकॉर्ड के साथ 24 सितंबर को पटना में मिलने के लिए बुलाया. लेकिन न्यायिक अधिकारी ने वहां जाने से इनकार कर दिया. उनका कहना था कि इस तरह बुलाया जाना उनके लिए बेहद अपमानजनक और मनोबल गिराने वाला है. बाद में बिहार सरकार की अपील पर पटना हाईकोर्ट ने मामले में हस्तक्षेप किया. हाईकोर्ट ने न्यायिक अधिकारी के आचरण की आलोचना की और भविष्य में ज्यादा सतर्कता बरतने की सलाह दी.
सुप्रीम कोर्ट ने कहा- हर जज को अधिकार क्षेत्र पता होना चाहिए
- हाईकोर्ट की टिप्पणियों से आहत न्यायिक अधिकारी ने सुप्रीम कोर्ट में अपील की. उन्होंने दलील दी कि यह मामला दिखाता है कि जब कोई न्यायिक अधिकारी IAS या IPS अफसर के खिलाफ आदेश देता है तो पूरी व्यवस्था उस अधिकारी को बचाने में जुट जाती है. इससे न्यायिक अधिकारी खुद को असहाय महसूस करता है.
- चीफ जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्य बागची तथा जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने इस दलील पर सवाल उठाए. पीठ ने कहा कि हर जज को अपने अधिकार क्षेत्र की सीमाएं पता होनी चाहिए. अदालत ने पूछा कि जब हाईकोर्ट का निरीक्षण न्यायाधीश मिलने के लिए बुला रहा था तो न्यायिक अधिकारी वहां क्यों नहीं गए? पीठ ने कहा, ‘हर जज को अपने अधिकार क्षेत्र की सीमाओं को समझना चाहिए. सनकी तरीके से काम मत कीजिए और न ही रॉबिन हुड बनिए.’
हाईकोर्ट से जज की माफी पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने को कहा
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने जज के वकील प्रेम प्रकाश से कहा कि वह अपने मुवक्किल को यह संदेश दें कि उन्हें बिहार का ‘बाहुबली’ बनने की जरूरत नहीं है. पीठ ने कहा कि न्यायिक अधिकारी को न तो क्विक्सोटिक यानी अव्यावहारिक आदर्शवाद में बहना चाहिए और न ही रॉबिन हुड की भूमिका निभानी चाहिए.
हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में जज के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश नहीं दिया. अपने आदेश में पीठ ने पटना हाईकोर्ट से अनुरोध किया कि वह 8 अक्टूबर के आदेश में की गई टिप्पणियों के बावजूद न्यायिक अधिकारी के स्पष्टीकरण और माफी पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करे. इसके बाद लंबित कार्यवाही का निपटारा किया जाए.