भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

हजारीबाग में अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर; 2 मरे:चौपारण में सड़क किनारे...




हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र के लराही रोड पर मलिकाना के पास सड़क हादसे में दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा अज्ञात चार पहिया वाहन की टक्कर से हुआ। मृतकों की पहचान सिरमा गांव निवासी दिलीप यादव के पुत्र अमित कुमार (17) और प्रकाश यादव के पुत्र पीयूष कुमार (16) के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक की पहचान सिंघरावां मोड़ निवासी योगेंद्र यादव के पुत्र अमन कुमार (18) के रूप में की गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, अमित और पीयूष सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान लराही की ओर से बुलेट बाइक पर घर लौट रहे अमन को विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। इसके बाद वाहन ने सड़क किनारे खड़े दोनों छात्रों को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों छात्र उछलकर लोहे की रेलिंग से जा टकराये। सिर और माथे में गंभीर चोट, घटनास्थल पर ही मौत हादसे में अमित और पीयूष के सिर व माथे पर गंभीर चोटें आयीं। दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, अमन गंभीर रूप से घायल हो गये। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल बरही पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गयी। सूचना मिलने पर चौपारण पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से स्थिति संभाली। पुलिस ने आपदा मित्र एंबुलेंस से दोनों छात्रों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए बरही अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पीयूष की मां घटनास्थल पर पहुंचीं और बेटे के शव से लिपटकर बिलखने लगीं। इस दृश्य से वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गए। एक 11वीं तो दूसरा 10वीं का छात्र था परिजनों के अनुसार, अमित कुमार प्लस टू उच्च विद्यालय टोईया में 11वीं कक्षा का छात्र था, जबकि पीयूष कुमार सुरेखा पब्लिक स्कूल बहेरा में 10वीं में पढ़ता था। सोमवार को दोनों स्कूल नहीं गये थे। पीयूष की विज्ञान और हिंदी की परीक्षा भी थी। परिजनों ने बताया कि दोनों ने सुबह खेलने के बाद दोपहर में खाना खाया था। इसके बाद घूमने के लिए घर से निकले थे। दोनों अपने-अपने परिवार में दो भाइयों में बड़े थे। उनके छोटे भाई हैं। किसी को अंदाजा नहीं था कि घर से घूमने निकले दोनों किशोर वापस नहीं लौटेंगे। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया। गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस कर रही अज्ञात वाहन और चालक की तलाश चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बरही अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। हादसे में शामिल अज्ञात चार पहिया वाहन और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी। पुलिस घटनास्थल के आसपास की परिस्थितियों और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top