दिल्ली में प्रदूषण के चलते सिर्फ BS-VI गाड़ियों को ही प्रवेश की अनुमति है. दिल्ली सरकार के विंटर एक्शन प्लान और ग्रैप के नियमों के तहत राजधानी में कमर्शियल वाहनों के प्रवेश पर भी रोक लगाई गई है. अब इस रोक के खिलाफ दिल्ली के व्यापारी सुप्रीम कोर्ट पहुंच गए हैं. चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री से जुड़े व्यापारियों ने सुप्रीम कोर्ट में अपील कर कहा है कि अगर इसी तरह प्रदूषण के चलते गाड़ियों का प्रवेश रुका रहा तो पूरा ट्रेड इंडस्ट्री सेक्टर तबाह हो जाएगा.
याचिका में व्यापारियों ने कहा कि प्रदूषण रोकना जरूरी है, लेकिन व्यापार को मारकर नहीं. सीटीआई ने SC में अपील की कि वेयरहाउस, EV इन्फ्रास्ट्रक्चर और ट्रांसपोर्टर को राहत दिए बिना कोई रोक न लगाई जाए. इससे 50 लाख से ज्यादा व्यापारियों, कर्मचारियों और उद्यमियों की रोटी पर असर पड़ेगा.
सुप्रीम कोर्ट में दिल्ली-NCR के प्रदूषण पर सुनवाई के दौरान दिल्ली में सिर्फ BS-VI गाड़ियां चलाने और 5 साल में दिल्ली में किसी भी कमर्शियल वाहन के प्रवेश पर रोक लगाने के सुझाव पर चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने गहरी चिंता व्यक्त की है.
CTI चेयरमैन बृजेश गोयल का कहना है कि प्रदूषण रोकना बेहद जरूरी है, लेकिन अगर इस सुझाव को बिना तैयारी के लागू किया गया तो दिल्ली के 20 लाख से ज्यादा व्यापारी, उद्यमी, ट्रांसपोर्टर और उपभोक्ता सीधे प्रभावित होंगे, और इनके परिवार के सदस्यों को जोड़ दिया जाए तो 50 लाख से ज्यादा लोगों की रोजी रोटी पर असर पड़ेगा .
CTI चेयरमैन बृजेश गोयल और महासचिव रमेश आहूजा ने कहा:
“हम प्रदूषण के खिलाफ हैं, हम स्वच्छ हवा चाहते हैं. लेकिन दिल्ली देश की राजधानी ही नहीं, उत्तर भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक केंद्र है.
यहां रोजाना लाखों टन सब्जी, फल, दूध, किराना, दवा, कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल, मोटर पार्ट्स, ड्राई फ्रूट्स, मिठाईयां, फुटवियर, होम फर्निशिंग, सेनिटरी एवं हार्डवेयर, लहंगे, साड़ी सूट, निर्माण सामग्री आती है. अगर कमर्शियल गाड़ियां दिल्ली में नहीं आएंगी, तो दिल्ली का व्यापार ठप्प हो जाएगा.”
CTI की नजर में 7 बड़े नकारात्मक असर
1.ट्रांसपोर्ट लागत 2 से 3 गुना बढ़ जाएगी:
अभी ट्रक सीधे आजादपुर मंडी, सदर बाजार, चांदनी चौक, गांधी नगर, करोल बाग, कश्मीरी गेट, नया बाजार, खन्ना मार्केट, तीस हजारी, रोशनारा रोड़ , कमला मार्केट तक आता है.
बॉर्डर वेयरहाउस वाली व्यवस्था में माल को बॉर्डर पर उतारना होगा, फिर वेयरहाउस में रखना होगा, फिर छोटी EV गाड़ियों से शहर में लाना होगा. यानी डबल लोडिंग-अनलोडिंग, वेयरहाउस किराया, EV का किराया. इसका सीधा बोझ दुकानदार और आम ग्राहक पर पड़ेगा.
2. लाखों छोटे ट्रांसपोर्टर और टेम्पो मालिक बर्बाद हो जाएंगे:
दिल्ली में 80% से ज्यादा माल BS-III और BS-IV टेम्पो-ट्रकों से आता है.
इन छोटे ट्रांसपोर्टरों के पास नई BS-VI गाड़ी खरीदने के लिए लाखों रुपये नहीं हैं. उनकी गाड़ी एक झटके में कबाड़ हो जाएगी, EMI और कर्ज डूब जाएगा, परिवार सड़क पर आ जाएगा.
3. सब्जी-फल-दूध महंगा होगा, सप्लाई में देरी होगी:
सब्जी, फल, दूध, दवा जैसे सामान टाइम-सेंसिटिव हैं. बॉर्डर पर ट्रांसशिपमेंट में 4 से 6 घंटे की देरी हुई तो सब्जी-फल सड़ेंगे, मंडियों में आवक घटेगी, दिल्ली में महंगाई बढ़ेगी. गरीब और मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित होगा.
4. दिल्ली की इंडस्ट्री NCR में भाग जाएगी:
बवाना, नरेला, ओखला, मायापुरी, झिलमिल, बदरपुर की हजारों फैक्ट्रियों में कच्चा माल ट्रकों से आता है और तैयार माल ट्रकों से जाता है. अगर ट्रक नहीं घुसेगा, तो फैक्ट्री मालिक अपनी फैक्ट्री गाजियाबाद, बहादुरगढ़, मानेसर, सोनीपत, फरीदाबाद शिफ्ट कर देंगे. दिल्ली में रोजगार घटेगा, इंडस्ट्री खाली हो जाएगी.
5. दिल्ली के होलसेल बाजारों की पकड़ खत्म होगी:
सदर बाजार, चांदनी चौक, खारी बावली, भागीरथ पैलेस, गांधी नगर, कश्मीरी गेट, नया बाजार, चावड़ी बाजार, दरियागंज, मोरी गेट — ये बाजार पूरे उत्तर भारत को माल सप्लाई करते हैं क्योंकि यहां ट्रक आसानी से आता है. अगर बॉर्डर पर ही रोक लगी, तो व्यापारी सीधे NCR के गोदामों से माल लेना शुरू कर देंगे. दिल्ली का सदियों पुराना होलसेल व्यापार NCR में शिफ्ट हो जाएगा.
6. वेयरहाउस और EV का इन्फ्रास्ट्रक्चर जमीन पर है ही नहीं:
दिल्ली बॉर्डर पर इतने बड़े वेयरहाउस, कोल्ड स्टोरेज, चार्जिंग स्टेशन, EV फ्लीट — अभी कुछ भी तैयार नहीं है. 5 साल की योजना कागज पर है, जमीन पर नहीं. बिना इन्फ्रास्ट्रक्चर के रोक लगी तो बीच के समय में व्यापारी पिस जाएगा.
7. ई-कॉमर्स, कूरियर और निर्माण पर सीधा असर:
ऑनलाइन डिलीवरी, कूरियर, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक्स, कंस्ट्रक्शन मटीरियल — सब कमर्शियल गाड़ियों पर निर्भर हैं. रोक लगी तो डिलीवरी टाइम बढ़ेगा, कंस्ट्रक्शन लागत बढ़ेगी, दिल्ली में प्रोजेक्ट महंगे होंगे और रुकेंगे.
CTI की 5 मांगें –
- 1. बिना लिखित रोडमैप के कोई तत्काल रोक न लगाई जाए. 5 साल की योजना को सरकार, व्यापारियों और ट्रांसपोर्टर के साथ बैठकर बनाया जाए.
- 2. BS-IV ट्रांसपोर्टरों को स्क्रैपिंग पर उचित मुआवजा, सब्सिडी और आसान लोन दिया जाए. पुरानी गाड़ी को एक झटके में कबाड़ घोषित न किया जाए.
- 3. बॉर्डर वेयरहाउस, कोल्ड स्टोरेज और चार्जिंग स्टेशन बनाने का खर्च सरकार उठाए, व्यापारी पर डबल हैंडलिंग चार्ज न थोपा जाए.
- 4. दिल्ली-NCR को एक ही आर्थिक इकाई माना जाए. सिर्फ दिल्ली पर रोक लगाने से व्यापार दिल्ली से भागकर NCR में चला जाएगा, प्रदूषण कम नहीं होगा, सिर्फ शिफ्ट होगा.
- 5. जरूरी वस्तुओं सब्जी, फल, दूध, दवा, किराना के लिए अलग से स्पष्ट छूट और व्यवस्था बनाई जाए, ताकि आम आदमी को परेशानी न हो.
बृजेश गोयल ने कहा, “हम सुप्रीम कोर्ट का सम्मान करते हैं, पर्यावरण की रक्षा हम सबकी जिम्मेदारी है. लेकिन कोई भी फैसला दिल्ली के 20 लाख व्यापारियों, 8 लाख से ज्यादा ट्रांसपोर्ट कर्मियों और 2 करोड़ दिल्लीवासियों के जीवन से जुड़ा है. इसलिए CTI की मांग है कि कोई भी फैसला लेने से पहले व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों को सुना जाए. प्रदूषण भी रुके और व्यापार भी बचे, ऐसा संतुलित रास्ता निकाला जाए.”