Last Updated:
ग्रेटर नोएडा के अल्फा-1 सेक्टर में पीजी की बढ़ती संख्या के बीच स्थानीय निवासी सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर परेशान हैं. लोगों का कहना है कि कई जगह गेट टूटे हुए हैं, सड़कों पर कूड़ा पड़ा रहता है और सफाई कर्मचारी नियमित रूप से नहीं पहुंचते. वहीं, नॉलेज पार्क में कॉलेज और विश्वविद्यालय होने के कारण यहां दूसरे शहरों से आने वाले विद्यार्थियों की संख्या भी बढ़ रही है. ऐसे में निवासियों ने पीजी संचालन की निगरानी और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग की है.
अल्फा-1 में रहने वाले मनीष डाबर के मुताबिक, सेक्टर में कई जगह गेट टूटे हुए हैं. कमर्शियल बेल्ट की ओर खुलने वाली जालियों से देर रात दो से तीन बजे तक लोगों की आवाजाही बनी रहती है. इससे स्थानीय निवासियों को सुरक्षा की चिंता होती है.
मनीष डाबर ने बताया कि सेक्टर में चोरी की समस्या भी सामने आती रहती है. उनका कहना है कि टूटे गेट और खुले रास्तों की मरम्मत जरूरी है, ताकि बाहरी लोगों की आवाजाही पर नजर रखी जा सके.
मनीष डाबर के अनुसार, कई लोग घरों से कूड़ा निकालकर सड़कों पर फेंक देते हैं. वहीं, कूड़ा उठाने वाले कर्मचारी रोजाना नहीं पहुंचते. इससे सेक्टर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होती है और स्थानीय लोगों को परेशानी होती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
डॉ. सहदेव शर्मा के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क क्षेत्र में बड़ी संख्या में कॉलेज और विश्वविद्यालय हैं. यहां दूसरे शहरों से विद्यार्थी पढ़ने आते हैं. हॉस्टल की सीमित उपलब्धता के कारण कई विद्यार्थी आसपास के सेक्टरों में पीजी तलाशते हैं.
डॉ. सहदेव शर्मा का कहना है कि विद्यार्थियों को रहने की सुविधा मिलना जरूरी है. केवल पीजी बंद कर देना समस्या का समाधान नहीं है. स्थानीय निवासियों और पीजी में रहने वाले विद्यार्थियों, दोनों की जरूरतों को ध्यान में रखकर सफाई और सुरक्षा की व्यवस्था होनी चाहिए.
बी ब्लॉक निवासी एमके भारद्वाज के मुताबिक, सेक्टर में नई आरडब्ल्यूए का गठन हुआ है और वह अच्छा काम कर रही है. उन्होंने सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के साथ पीजी के नियमों के पालन की जांच और प्राधिकरण, आरडब्ल्यूए व संबंधित विभागों के बीच समन्वय की जरूरत बताई.