भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

यूनियन वर्कस की बैठक, खदान मजदूरों ने हक के लिए भरी हुंकार




भास्कर न्यूज|लोहरदगा रिचुघुटा माइंस परिसर में छोटानागपुर बॉक्साइट एंड कोल वर्कर्स यूनियन के बैनर तले खदान श्रमिकों (लोडर व अनलोडर) व यूनियन पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता यूनियन के अध्यक्ष निशिथ जायसवाल ने की। मंच संचालन यूनियन के कोषाध्यक्ष विशाल डुंगडुंग ने किया। बैठक में रिचुघुटा व आसपास के खनन क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में मजदूरों ने भाग लिया। उन्होंने कार्यस्थल पर आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों को नेतृत्व के समक्ष रखा। ​बैठक के दौरान मजदूरों ने बताया कि कठिन परिस्थितियों में खदानों में काम करने के बावजूद उन्हें बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। श्रम कानूनों के तहत मिलने वाले वैधानिक अधिकार भी पूरी तरह प्राप्त नहीं हो रहे हैं। यूनियन नेतृत्व ने मजदूरों की एक-एक समस्या को गंभीरता से सुना। खदान प्रबंधन के समक्ष इन मुद्दों को मजबूती से रखकर त्वरित समाधान कराने का संकल्प लिया। ​बैठक में सर्वसम्मति से पारित प्रमुख प्रस्ताव व मांगें निम्न रहीं। इनमें ​न्यूनतम मजदूरी का पूर्ण भुगतान। कार्यस्थल पर सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं। खदान में कार्यरत सभी मजदूरों को निःशुल्क व उच्च गुणवत्ता वाले सुरक्षा उपकरण (हेलमेट, सेफ्टी शूज, डस्ट मास्क, रिफ्लेक्टिव जैकेट आदि) उपलब्ध कराए जाएं। प्रत्येक मजदूर का भविष्य निधि और कर्मचारी राज्य बीमा खाता अद्यतन रखा जाए। कटौती की नियमित रसीद दी जाए। किसी भी अनियमितता पर तत्काल रोक लगे। खदान परिसर में मजदूरों के लिए स्वच्छ पेयजल, विश्राम शेड और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं अविलंब बहाल की जाएं। ​यूनियन अध्यक्ष निशिथ जायसवाल ने कहा कि छोटानागपुर बॉक्साइट एंड कोल वर्कर्स यूनियन हमेशा से मजदूरों के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक स्वावलंबन की लड़ाई लड़ती रही है। रिचुघुटा माइंस के श्रमिकों का किसी भी स्तर पर शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी श्रमिकों से संगठन के झंडे तले एकजुट रहने का आह्वान किया। ​वहीं, कार्यकारी अध्यक्ष सोहराब अंसारी ने कहा कि खदानों से निकलने वाले खनिज से देश और राज्य का विकास होता है। जो मजदूर अपना पसीना बहाकर इसे संभव बनाते हैं, वे आज भी अपने मूलभूत अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उपाध्यक्ष इकरामुल अंसारी ने कहा कि यूनियन मजदूरों के साथ निरंतर खड़ी है। श्रमिक हितों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा। मौके पर उपाध्यक्ष इकरामुल अंसारी, कोषाध्यक्ष विशाल डुंगडुंग, उपप्रमुख ऐनूल अंसारी, संजू तुरी, रुखसाना खातून, अनवर अंसारी, सरजू राम, मनोज सिंह, जलेन्दर उरांव, अर्जुन साव, मानदेव सिंह, राजेंद्र सिंह, विनोद राम, विजय भुइया, कृष्णा सिंह, एवं सैकड़ों की संख्या में मजदूर मौजूद थे।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top