![]()
चक्रवाती तूफान अकवान का असर समाप्त होने और आसमान साफ होने के बाद झारखंड में ठंड का प्रभाव तेजी से बढ़ने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज से राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहेगा। सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहेगा, जबकि दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ हो जाएगा और धूप खिलेगी। हालांकि, धूप निकलने के बावजूद सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ेगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। वहीं, राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचने के आसार हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में रात के समय कंपकंपाने वाली ठंड महसूस हो सकती है। आसमान साफ होते ही तेजी से गिरेगा रात का पारा पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई जिलों के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी रांची के न्यूनतम तापमान में 3.3 डिग्री सेल्सियस की कमी आयी है। वहीं, मेदिनीनगर में 2.8 डिग्री और बोकारो में सबसे अधिक चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को रांची का अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम में बदलाव के कारण दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ने लगा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आसमान साफ रहने से रात में धरती की गर्मी तेजी से बाहर निकलती है। इसका असर न्यूनतम तापमान पर पड़ता है। यही वजह है कि आने वाले दिनों में रात की ठंड और बढ़ने की संभावना है। सुबह कोहरा, दिन में निकलेगी खिली धूप मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बुधवार को रांची में मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा। राजधानी का अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह कोहरा देखने को मिलेगा। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ कोहरा छंट जाएगा और धूप निकलेगी। जमशेदपुर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मेदिनीनगर में अधिकतम तापमान 27.4 और न्यूनतम 18.3 डिग्री रहा, जबकि कोडरमा का अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर के शेष दिनों में राज्य का मौसम सामान्यतः शुष्क रहेगा। फिलहाल बारिश की संभावना बेहद कम है। बुजुर्गों और बच्चों को सावधानी बरतने की सलाह मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, बुधवार से आसमान पूरी तरह साफ रहने की संभावना है। इसके बाद न्यूनतम तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे रांची का रात का पारा 11 डिग्री से नीचे पहुंच सकता है। उन्होंने बुजुर्गों, बच्चों, हृदय और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। सुबह और रात में ठंडी हवाओं से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने की जरूरत है। कोहरे के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी सतर्क रहने तथा धीमी गति से वाहन चलाने की सलाह दी गई है। वहीं, 30 नवंबर को मौसम में एक बार फिर बदलाव की संभावना है। इस दिन सुबह कोहरा छाने के बाद आसमान में बादल आ सकते हैं। हालांकि, इसके बाद फिर से मौसम साफ होने का अनुमान है।
Source link