भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

साजिश रच 60 डिसमिल जमीन पर किया कब्जा:फर्जी वंशावली बना रिम्स की...




एसीबी जांच में खुलासा रिम्स की अधिग्रहित जमीन पर अतिक्रमण और अवैध खरीद-बिक्री के मामले में एसीबी की जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। सरकारी जमीन पर कब्जे के लिए फर्जी वंशावली तैयार की गई, सरकारी रिकॉर्ड में नाम चढ़वाया गया और अंचल से खारिज म्यूटेशन को एलआरडीसी कार्यालय से पास कराया गया। अवैध कब्जे को सामाजिक स्वीकृति दिलाने के लिए जमीन के कुछ हिस्सों पर मंदिर और सरना स्थल भी बनवाए गए। इस मामले में एसीबी अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पहले पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी, जबकि हाल ही में सात सरकारी अधिकारियों को दबोचा गया है। सभी रिमांड पर हैं। मामले के आरोपी और मेसर्स लकी कन्वर्जेस के पार्टनर शुभम साबू के संबंध में एसीबी ने कोर्ट में दस्तावेज और केस डायरी के जो तथ्य पेश किए हैं, उनसे घोटाले की परतें खुली हैं। बुधवार को सभी की रिमांड अवधि समाप्त हो रही है। एसीबी रिमांड बढ़ाने के लिए फिर आग्रह कर सकती है। 6 बड़े खुलासे, जिन पर अफसरों से पूछताछ
1 1968-69 में रिम्स के लिए अधिग्रहण, मुआवजा भी दिया: एसीबी के रिकॉर्ड के मुताबिक, मौजा मोरहाबादी के खाता-107, प्लॉट-1693 की 93 डिसमिल जमीन में से 60 डिसमिल राज्य सरकार ने 1968-69 में केस नंबर 01/68-69 के तहत बनारसी दास अरोड़ा से रिम्स के लिए अधिग्रहित की थी। इसका मुआवजा भी दिया गया था। जमीन पहले गजाधर बड़ाईक से अब्दुल गफ्फूर खान और फिर 1962 में बनारसी दास अरोड़ा के पास पहुंची थी।
2 एसएआर कोर्ट ने दावा खारिज किया, फिर भी रजिस्टर-2 में चढ़ा नाम: सोनमाईत देवी ने खुद को सहोदरी देवी का वंशज बताकर एसएआर केस 139, 140/88-89 दायर किया था। 28 दिसंबर 1992 को कोर्ट ने उन्हें न वंशज और न ही अनुसूचित जनजाति का सदस्य मानते हुए दावा खारिज कर दिया। कोर्ट ने असली वंशज मिलने तक जमीन सरकार के पास रखने का निर्देश दिया। 12 फरवरी 1993 के संशोधित आदेश से 33 डिसमिल जमीन झिरमनी देवी और अनंत शर्मा को दी गई। इसके बावजूद आरोप है कि अधिकारियों की मिलीभगत से रजिस्टर-2 में सोनमाईत देवी का नाम चढ़ाया गया और फर्जी वंशावली व रसीद से जमीन के टुकड़े कर बेच दिए गए।
3 अंचल से खारिज म्यूटेशन, एलआरडीसी कार्यालय से हुआ पास: जमीन की खरीदार बताई जा रही मुन्नी देवी और सुमित्रा कुमारी बड़ाईक ने म्यूटेशन के लिए केस नंबर 339/2019-20 और 340/2019-20 के तहत आवेदन दिया था। अंचल कार्यालय ने दोनों आवेदन खारिज कर दिए थे। लेकिन बाद में संदिग्ध परिस्थितियों में एलआरडीसी कार्यालय से इन्हें मंजूरी मिल गई। एसीबी अब अधिकारियों से इस पूरी प्रक्रिया में उनकी भूमिका को लेकर पूछताछ कर रही है। फर्जी वंशावली बना रिम्स…
4 अतिक्रमण का नोटिस मिलने पर भी जारी रखा अपार्टमेंट निर्माण: केस डायरी के पारा-84 के मुताबिक, सरकारी जमीन पर अभिनंदन अपार्टमेंट बनाने वाली फर्म मेसर्स लकी कन्वर्जेस के पार्टनर शुभम साबू और सह-आरोपी राजेश कुमार झा को अतिक्रमण वाद संख्या 5/2024-25 के तहत कई बार नोटिस दिए गए थे। इसके बावजूद सरकारी आदेशों को दरकिनार कर निर्माण जारी रखा गया।
5 खरीदारों को अंधेरे में रखकर बेचे फ्लैट: एसीबी के अनुसार, बिल्डरों और भू-माफियाओं को पता था कि जमीन रिम्स के लिए अधिग्रहित सरकारी जमीन है। इसके बावजूद निर्माण पूरा कर आम लोगों को वास्तविक स्थिति बताए बिना फ्लैट बेच दिए गए। इससे खरीदारों की जीवनभर की गाढ़ी कमाई दांव पर लग गई।
6 मंदिर और सरना स्थल बनाकर विरोध रोकने की साजिश: एसीबी की एफआईआर और जांच रिपोर्ट के मुताबिक, सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे को सामाजिक स्वीकृति दिलाने और विरोध से बचने के लिए भू-माफियाओं, बिल्डरों और अधिकारियों के सिंडिकेट ने रणनीति बनाई। इसके तहत जमीन के कुछ हिस्सों पर मंदिर बनवाया गया और कुछ को सरना स्थल के रूप में चिह्नित किया गया, ताकि धार्मिक भावनाओं की आड़ में सरकारी कार्रवाई रोकी जा सके।
आगे क्या… छह विभागों के अधिकारी-कर्मी भी जांच के घेरे में: झारखंड हाईकोर्ट ने तीन जनहित याचिकाओं की संयुक्त सुनवाई के बाद 20 दिसंबर 2025 को आदेश दिया था। इसके आलोक में एसीबी रांची के डीएसपी संतोष कुमार के बयान पर कांड संख्या 01/2026 दर्ज किया गया। इस मामले में रिम्स प्रबंधन, राजस्व कार्यालय, रांची नगर निगम, निबंधन कार्यालय, रेरा और आरआरडीए के अज्ञात अधिकारियों व कर्मचारियों पर आपराधिक साजिश के तहत सरकारी जमीन की हेराफेरी का आरोप है। इन छह विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका भी अब एसीबी की जांच के दायरे में है।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top