![]()
चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के पुलिस और राहुल दुबे गैंग के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गैंग का शूटर आनंद कुमार घायल हो गया। उसके दाहिने पैर में गोली लगी है। उसे पहले चतरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। मुठभेड़ सुबह करीब तीन से 4:30 बजे के बीच आम्रपाली परियोजना क्षेत्र में होन्हे गांव से गोड़वाइर जाने वाले रास्ते के जंगल में हुई। आनंद कुमार चतरा सदर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, वह आम्रपाली परियोजना की एवीएस कंपनी के कार्यालय और हजारीबाग जिले के चौपारण स्थित होटल एके इंटरनेशनल के बाहर हुई गोलीबारी की घटनाओं में शामिल था। आपराधिक घटना की तैयारी की मिली थी सूचना पुलिस को सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गैंग के कई सदस्य टंडवा थाना क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल छापामारी अभियान शुरू किया। इसी दौरान होन्हे गांव से गोड़वाइर जाने वाले रास्ते के जंगल में पुलिस का सामना अपराधियों से हो गया। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने गतिविधियां शुरू कर दीं, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आनंद कुमार के दाहिने पैर में गोली लगी। इसके बाद वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया। घटनास्थल से तीन जिंदा कारतूस और खाली खोखे भी बरामद किए गए हैं। एवीएस कंपनी और चौपारण के होटल पर फायरिंग में था शामिल पुलिस के मुताबिक, घायल आनंद कुमार राहुल दुबे गैंग का सक्रिय शूटर है। उस पर आम्रपाली परियोजना क्षेत्र में एवीएस कंपनी के कार्यालय पर गोलीबारी करने का आरोप है। इसके अलावा हजारीबाग जिले के चौपारण स्थित होटल एके इंटरनेशनल के बाहर हुई फायरिंग की घटना में भी उसकी संलिप्तता बताई जा रही है। पुलिस इन दोनों घटनाओं के साथ उसके आपराधिक नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है। मुठभेड़ की आधिकारिक पुष्टि चतरा के पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने की है। पुलिस अधीक्षक खुद घटनास्थल के लिए रवाना हुए हैं। घटना के बाद जिले में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में अभियान चला रही है। तीन महीने में गैंग के खिलाफ दूसरी बड़ी कार्रवाई राहुल दुबे गैंग के खिलाफ चतरा पुलिस की तीन महीने के भीतर यह दूसरी बड़ी मुठभेड़ कार्रवाई बताई जा रही है। इससे पहले अगस्त में बसरिया के जंगल में भी पुलिस ने गैंग से जुड़े एक अपराधी के खिलाफ मुठभेड़ में कार्रवाई की थी। ताजा घटना के बाद पुलिस गैंग की गतिविधियों और उसके सदस्यों के नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है। एवीएस कंपनी कार्यालय और चौपारण के होटल पर फायरिंग की घटनाओं को लेकर भी जांच की जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि गैंग के अन्य सदस्यों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। हालांकि, इस मामले में विस्तृत जानकारी और आगे की कार्रवाई को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक खुलासे का इंतजार है।
Source link