संविधान दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष को फिर घेरा है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि नारी शक्ति को न्याय दिलाने से कोई ताकत नहीं रोक सकती. पीएम मोदी ने संविधान निर्माण में महिलाओं के योगदान को याद करते हुए कहा कि देश की संवैधानिक यात्रा उनके उल्लेख के बिना अधूरी है. लेकिन इसी के साथ उन्होंने इस साल संसद में महिला आरक्षण से जुड़ा विधेयक पास नहीं हो पाने पर विपक्ष को निशाने पर लिया. प्रधानमंत्री ने कहा कि इस घटनाक्रम से देश को शर्मिंदगी महसूस होनी चाहिए. उनका संदेश साफ था कि महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिलाने की कोशिश जारी रहेगी.
PM मोदी का यह बयान ऐसे समय आया है जब महिला आरक्षण को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव बना हुआ है. इसी साल 17 अप्रैल को लोकसभा में संविधान का 131वां संशोधन विधेयक 2026 पारित नहीं हो सका था. सरकार इस विधेयक के जरिए लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने की व्यवस्था को 2029 के आम चुनाव से पहले लागू करना चाहती थी. लेकिन विधेयक को जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिला. विपक्ष ने महिला आरक्षण का समर्थन करने की बात कही थी. हालांकि उसने इसे परिसीमन और लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने से जोड़ने पर सवाल उठाए थे. अब संविधान दिवस पर पीएम मोदी ने इसी मुद्दे को उठाकर विपक्ष पर संवैधानिक मूल्यों की अनदेखी का आरोप लगाया है.
‘जो हुआ उससे शर्म आनी चाहिए’
प्रधानमंत्री मोदी ने संविधान दिवस के संदेश में कहा, ‘हमारे संविधान की यात्रा उन असाधारण महिलाओं को याद किए बिना अधूरी रहेगी जिन्होंने इसे आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. लेकिन इस साल की शुरुआत में जो कुछ हुआ उससे हमारे मन में शर्म का भाव पैदा होना चाहिए.’
उन्होंने विपक्ष पर महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक को रोकने का आरोप लगाया. पीएम ने कहा कि इस कदम ने एक बार फिर संवैधानिक मूल्यों के प्रति विपक्ष की उपेक्षा को दिखाया है. उन्होंने देश की महिलाओं को भरोसा दिलाते हुए कहा, ‘मैं भारत की नारी शक्ति को आश्वस्त करता हूं कि उन्हें न्याय दिलाना सुनिश्चित करने से कोई ताकत हमें रोक नहीं सकती.’
17 अप्रैल को लोकसभा में गिर गया था विधेयक
महिलाओं को लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 33 फीसदी आरक्षण देने की दिशा में सरकार ने संविधान का 131वां संशोधन विधेयक 2026 पेश किया था. 17 अप्रैल को लोकसभा में इस पर मतदान हुआ. विधेयक के पक्ष में 298 वोट पड़े जबकि 230 सांसदों ने इसके खिलाफ मतदान किया. इसके बावजूद यह पास नहीं हो सका. संविधान संशोधन विधेयक के लिए सदन में मौजूद और मतदान करने वाले सदस्यों के दो-तिहाई समर्थन की जरूरत होती है. जरूरी आंकड़ा नहीं मिलने के कारण सरकार को झटका लगा.
महिला आरक्षण के साथ परिसीमन पर भी था विवाद
सरकार के प्रस्ताव में लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 तक करने और निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन की योजना भी शामिल थी. सरकार का तर्क था कि लोकसभा में सीटों की संख्या बढ़ाने से महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता आसान होगा. वहीं कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने 33 फीसदी महिला आरक्षण का समर्थन किया लेकिन इसे परिसीमन से जोड़ने पर आपत्ति जताई.
विपक्ष का कहना था कि परिसीमन से राज्यों के बीच राजनीतिक प्रतिनिधित्व का संतुलन बदल सकता है. खासकर दक्षिण भारतीय राज्यों की हिस्सेदारी प्रभावित होने की आशंका जताई गई. हालांकि सरकार ने इन चिंताओं को खारिज किया था.
2023 के महिला आरक्षण कानून से अलग था नया प्रस्ताव
संसद ने 2023 में संविधान का 106वां संशोधन पारित किया था. इसे नारी शक्ति वंदन अधिनियम के नाम से जाना जाता है. इस कानून में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की एक-तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने का प्रावधान है. हालांकि इसका लागू होना जनगणना और उसके बाद होने वाले परिसीमन से जुड़ा हुआ है.
2026 का विधेयक इसी व्यवस्था में बदलाव कर महिला आरक्षण को जल्द लागू करने की कोशिश था. लेकिन लोकसभा में इसके पारित नहीं होने के कारण परिसीमन और केंद्र शासित प्रदेशों से जुड़े अन्य दो प्रस्तावित विधेयकों पर भी आगे कार्यवाही नहीं हुई.