Last Updated:
Animal Husbandry: आमतौर पर पशुपालक गाय को नियंत्रित करने और संभालने के लिए उसकी नाक में नकेल डालकर रस्सी का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन जानकारी के अभाव में कई बार पशुपालक बिना किसी विशेषज्ञ की सलाह के ही यह प्रक्रिया अपनाते हैं. इससे गाय की नाक में घाव, सूजन और संक्रमण जैसी समस्याएं हो सकती हैं. कई मामलों में जंग लगे या गंदे औजारों के इस्तेमाल से टेटनस जैसी गंभीर बीमारी का खतरा भी बढ़ जाता है. ऐसे में बोकारो के चास मॉडल पशु चिकित्सालय के वरीय पशु चिकित्सक डॉ.अजीत शरण ने नकेल या रस्सी के इस्तेमाल को लेकर जरूरी सावधानियों की जानकारी साझा की है.
डॉ.अजीत शरण ने बताया कि ज्यादातर पशुपालक गाय को नियंत्रित करने के लिए नकेल का इस्तेमाल करते हैं. गाय की नाक का मध्य भाग लिगामेंट और कार्टिलेज से जुड़ी संरचनाओं से बना होता है. नकेल इसी हिस्से में लगाई जाती है, लेकिन कई पशुपालक बिना किसी विशेषज्ञ की मदद के खुद ही नाक में छेद करने की गलती करते हैं. ऐसा करने से नाक के ऊतकों को नुकसान पहुंच सकता है. वहीं, पुराने, गंदे या जंग लगे औजारों का इस्तेमाल करने से टेटनस और अन्य संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है.
पशु चिकित्सक के अनुसार, गाय की नाक में छेद करने की प्रक्रिया हमेशा किसी ट्रेड व्यक्ति या पशु चिकित्सक की देखरेख में ही करानी चाहिए. इसके लिए इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को पहले अच्छी तरह साफ और एंटीसेप्टिक से उपचारित करना जरूरी है. बिना जानकारी के घर पर खुद से यह प्रक्रिया करने से बचना चाहिए.
नकेल में इस्तेमाल होने वाली रस्सी का चुनाव भी काफी महत्वपूर्ण है. पशुपालकों को नायलॉन की जगह मुलायम सूती रस्सी का इस्तेमाल करना चाहिए. रस्सी को इस्तेमाल करने से पहले उचित तरीके से साफ और संक्रमणमुक्त करना जरूरी है. गंदी या गीली रस्सी के इस्तेमाल से बचना चाहिए. इसके अलावा रस्सी इतनी टाइट नहीं होनी चाहिए कि गाय को खाने, उठने-बैठने या सामान्य गतिविधियां करने में परेशानी हो.
Add News18 as
Preferred Source on Google
रस्सी में गांठ या जोड़ बनाते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए. ऐसी गांठ नहीं होनी चाहिए, जो गाय की नाक की त्वचा पर लगातार रगड़ पैदा करे. इससे खुजली, जलन और घाव होने की आशंका रहती है. वहीं, गाय को बांधते समय ध्यान रखें कि रस्सी किसी खंभे या दूसरी वस्तु में फंसकर नाक को चोट न पहुंचाए.
नकेल लगाने के बाद गाय की नाक की नियमित जांच करते रहना चाहिए. यदि नाक से खून आए, पस निकले, सूजन दिखाई दे या पशु को दर्द और परेशानी हो तो इसे नजरअंदाज न करें. ऐसी स्थिति में तुरंत पशु चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए. जरूरत के अनुसार चिकित्सक की सलाह से ही दवाओं या एंटीसेप्टिक स्प्रे का इस्तेमाल करें.
डॉ.अजीत शरण ने पशुपालकों को सलाह दी कि जहां तक संभव हो, गाय को नियंत्रित करने के लिए नाक में छेद कर नकेल डालने की प्रक्रिया से बचना चाहिए. इसके बजाय पशुओं को धीरे-धीरे प्राकृतिक तरीके से प्रशिक्षित करना बेहतर है, ताकि उन्हें संभालने के लिए नाक में छेद या नकेल पर निर्भर न रहना पड़े.