देवघर: सर्दियों का मौसम शुरू होते ही घरों में चाय और काढ़े का सेवन बढ़ जाता है. कोई अदरक-तुलसी वाली चाय पीना पसंद करता है तो कोई लौंग, दालचीनी और काली मिर्च डालकर काढ़ा तैयार करते हैं, लेकिन जरा सोचिए, अगर आपको इन सभी मसालों का मिला-जुला स्वाद और खुशबू सिर्फ एक पत्ते में मिल जाए, तो कैसा रहेगा? जी हां! विदेश से आया एक ऐसा ही अनोखा पौधा इन दिनों अपने खास स्वाद और खुशबू को लेकर चर्चा में है.
इस पौधे का नाम ऑल स्पाइस है. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसकी एक पत्ती को हाथों से मसलते ही लौंग, दालचीनी, जायफल, जावित्री और काली मिर्च जैसी कई मसालों की मिली-जुली खुशबू आने लगती है. सबसे खास बात यह है कि इसे उगाने के लिए आपको खेत या बड़े बगीचे की जरूरत नहीं है. घर की छत, बालकनी या किचन गार्डन में गमले के अंदर भी इसे आसानी से लगा सकते हैं.
जानें क्या कहते है कृषि वैज्ञानिक
देवघर कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि वैज्ञानिक डॉ. राजन ओझा बताते हैं कि ऑल स्पाइस मूल रूप से विदेशी पौधा है, लेकिन अब भारत में भी इसकी मांग धीरे-धीरे बढ़ रही है. इसकी खास खुशबू और कई मसालों जैसा स्वाद लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है. खासकर सर्दियों के मौसम में इसे अपने किचन गार्डन में लगाना काफी उपयोगी हो सकता है. अगर आप रोजाना सुबह अदरक, तुलसी, लौंग और दालचीनी डालकर काढ़ा तैयार करते हैं तो उसमें ऑल स्पाइस की एक या दो ताजी पत्तियां डाल सकते हैं. इससे काढ़े में एक अलग तरह की खुशबू और मसालों जैसा स्वाद आ जाता है. इसी तरह हर्बल चाय तैयार करते समय भी इसकी पत्तियों का इस्तेमाल किया जा सकता है. यानी एक ही पौधे से आपको कई मसालों जैसी खुशबू का अनुभव मिल सकता है.
दाल, पुलाव, बिरयानी मे कर सकते हैं इस पत्ते का इस्तेमाल
अब बात करते हैं कि आखिर इस पौधे का इस्तेमाल सिर्फ चाय और काढ़े तक ही सीमित है या नहीं. दरअसल, ऑल स्पाइस की ताजी और सूखी दोनों तरह की पत्तियों का इस्तेमाल रसोई में किया जा सकता है. इसकी पत्तियों को तेजपत्ते की तरह सब्जी, दाल, पुलाव, बिरयानी और सूप में डालकर पकाया जाता है. इससे खाने में एक खास मसालेदार खुशबू आती है. इसकी पत्तियों में यूजिनोल नामक प्राकृतिक यौगिक पाया जाता है, जो लौंग में भी मौजूद होता है. इसे पाचन से जुड़े कुछ लाभों और गैस से राहत के लिए उपयोगी माना जाता है. हालांकि, इसे किसी बीमारी का इलाज नहीं समझना चाहिए.
जानें कैसे लगाएं घर में इस पौधे को
अगर आप सोच रहे हैं कि इस विदेशी पौधे को अपने घर में कैसे लगाएं, तो इसके लिए भी ज्यादा परेशानी नहीं है. नर्सरी या ऑनलाइन माध्यम से ऑल स्पाइस का पौधा खरीदा जा सकता है. सर्दियों में इसे गमले में लगाते समय ऐसी जगह का चुनाव करें, जहां पर्याप्त रोशनी मिले. गमले में पानी निकासी की अच्छी व्यवस्था होनी चाहिए और मिट्टी में जलजमाव नहीं होना चाहिए. पौधे को जरूरत के अनुसार पानी दें और उसकी देखभाल करें. हालांकि, पौधे की बढ़त और मौसम के अनुसार इसकी देखभाल में बदलाव करना जरूरी है.