यूजीसी-नेट दिसंबर 2026 की परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा शहर की जानकारी जारी कर दी गई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने एग्जाम सिटी इंटिमेशन स्लिप डाउनलोड करने की सुविधा शुरू कर दी है।
.
- देशभर में 87 विषयों की परीक्षा 14 दिसंबर से होगी
अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर लॉगिन कर इसे डाउनलोड कर सकते हैं। सिटी स्लिप में केवल उस शहर की जानकारी होगी, जहां अभ्यर्थी का परीक्षा केंद्र आवंटित किया गया है। इसे एडमिट कार्ड नहीं माना जाएगा। परीक्षा केंद्र का पूरा पता और जरूरी निर्देश एडमिट कार्ड में मिलेंगे, जिसे एनटीए अलग से जारी करेगा। देशभर में 87 विषयों की परीक्षा 14 से 18 दिसंबर और 21 दिसंबर को कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) मोड में होगी।
परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 9 से दोपहर 12 बजे और दूसरी पाली दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक होगी। एनटीए के अनुसार, परीक्षा के लिए 9.75 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने शुल्क जमा किया है। यह परीक्षा जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ), असिस्टेंट प्रोफेसर की पात्रता और पीएचडी में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है।