भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

चने की ये 5 वैरायटी हैं बेहतरीन, होगी बंपर पैदावार, बोकारो के...


कैलाश कुमार/बोकारो: झारखंड के बोकारो में किसान बड़े पैमाने पर चने की खेती करते हैं, लेकिन कई बार सही जानकारी नहीं होने के कारण किसान गलत बीजों का चयन कर लेते हैं, जिससे फसल का उत्पादन प्रभावित होता है. इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है. ऐसे में बोकारो कृषि विज्ञान केंद्र की कृषि वैज्ञानिक डॉ. सुषमा सरोज ने किसानों को चने की उन्नत किस्मों, बीज दर, खाद और बीज उपचार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी है, जिसे अपनाकर किसान बेहतर पैदावार प्राप्त कर सकते हैं.

देसी चने की इन उन्नत किस्मों का कर सकते हैं चयन
कृषि वैज्ञानिक डॉ. सुषमा सरोज ने बताया कि झारखंड में मुख्य रूप से देसी चने की खेती की जाती है. किसान देसी चने की उन्नत किस्मों में बीजी-3043, बिरसा चना-3, केपीजी-59, जीएनजी-2207 और जीएनजी-2299 का चयन कर सकते हैं. ये किस्में लगभग 116 से 135 दिनों में तैयार हो जाती हैं.

वहीं, काबुली चने की खेती करने के इच्छुक किसान काक-2 और एचके 94-134 किस्मों का चुनाव कर सकते हैं. ये किस्में 95 से 125 दिनों में तैयार होती हैं और इनसे प्रति हेक्टेयर 15 से 20 क्विंटल तक उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है.

कितनी होनी चाहिए बीज की मात्रा?
डॉ. सुषमा सरोज के अनुसार, देसी चने की खेती के लिए प्रति हेक्टेयर 70 से 80 किलोग्राम बीज की जरूरत होती है. वहीं, काबुली चने की खेती करने वाले किसानों को प्रति हेक्टेयर 90 से 100 किलोग्राम बीज का इस्तेमाल करना चाहिए. बुवाई के दौरान कतार से कतार की दूरी 30 सेंटीमीटर और पौधे से पौधे की दूरी 10 सेंटीमीटर रखनी चाहिए. हालांकि, अधिक फैलने वाली किस्मों में कतारों के बीच 45 सेंटीमीटर की दूरी रखना बेहतर होता है.

चने की खेती में इन खादों का करें इस्तेमाल
चने की अच्छी पैदावार के लिए खेत में संतुलित मात्रा में खाद और उर्वरकों का इस्तेमाल करना जरूरी है. कृषि वैज्ञानिक के अनुसार, चने की खेती में एनपीके के साथ सल्फर का प्रयोग करना चाहिए. इसके लिए प्रति हेक्टेयर 25 किलोग्राम नाइट्रोजन, 50 किलोग्राम फास्फोरस, 25 किलोग्राम पोटाश और 20 किलोग्राम सल्फर देने की सलाह दी जाती है. इससे पौधों को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं और फसल के बेहतर विकास में मदद मिलती है.

बीज उपचार से बढ़ेगी पैदावार
आगे कृषि वैज्ञानिक ने चने की खेती में बीज उपचार को भी बेहद जरूरी बताया. उन्होंने कहा कि दलहनी फसलों की बुवाई से पहले किसानों को बीज का उपचार जरूर करना चाहिए. इसके साथ ही बीज को राइजोबियम कल्चर से भी उपचारित करना चाहिए. इससे पौधों की जड़ों में गांठों का बेहतर विकास होता है.

बिरसा चना-3 से मिल सकती है 18 से 20 क्विंटल उपज
डॉ. सुषमा सरोज ने बोकारो के किसानों को बिरसा चना-3 किस्म की खेती करने की सलाह दी है. उन्होंने बताया कि यह किस्म लगभग 115 से 118 दिनों में तैयार हो जाती है. इससे किसान प्रति हेक्टेयर 18 से 20 क्विंटल तक उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं. ऐसे में बोकारो के किसान उन्नत किस्मों का चयन, सही बीज दर, संतुलित खाद और बीज उपचार जैसी वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर चने की खेती से बेहतर उत्पादन और मुनाफा हासिल कर सकते हैं.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top