Last Updated:
पूर्वी सिंहभूम के चाकुलिया निवासी दुर्गा प्रसाद हांसदा कभी पेंटिंग का काम करते थे, लेकिन आज आदिवासी समाज के पारंपरिक और पवित्र वाद्य यंत्र बनाम को बनाकर अच्छी कमाई कर रहे हैं. 9 साल की उम्र में पहला बनाम बनाने वाले दुर्गा प्रसाद हर मेले में 50-60 पीस बेचते हैं. वह बच्चों को निशुल्क बनाम बनाना और बजाना भी सिखाते हैं.
बोकारोः कभी दूसरों के लिए पेंटिंग का काम करने वाले दुर्गा प्रसाद हांसदा आज अपनी कला के दम पर आत्मनिर्भर बन गए हैं. उनके हाथों में अब पेंटिंग का ब्रश नहीं, बल्कि आदिवासी समाज का एक पारंपरिक और पवित्र वाद्य यंत्र ‘बनाम’ बनाने के औजार हैं. पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया से बोकारो पहुंचे दुर्गा प्रसाद मेलों में अपने हाथों से तैयार किए गए बनाम बेचते हैं. खास बात यह है कि वह सिर्फ इस पारंपरिक वाद्य यंत्र से कमाई ही नहीं कर रहे, बल्कि इसे अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की कोशिश भी कर रहे हैं.
9 साल की उम्र में बनाया था पहला बनाम
दुर्गा प्रसाद हांसदा बताते हैं कि बनाम आदिवासी समाज का बेहद पुराना और पवित्र वाद्य यंत्र है. उन्होंने महज 9 साल की उम्र में पहली बार बनाम बनाया था. उस समय वह बैल चराने जाया करते थे और इसी दौरान अपने पूर्वजों को देखकर उन्होंने इसे बनाना सीखा. इस कला की शुरुआती सीख उन्हें अपने दादाजी से मिली. और समाज के बुजुर्ग भी पहले बनाम बनाते और बजाते थे. हालांकि, कुछ समय बाद वह फुटबॉल खेलने और पेंटिंग के काम में लग गए. करीब 6-7 साल तक पेंटिंग का काम करने के बाद उन्हें बचपन में सीखी हुई कला की याद आई और साल 2014-15 से उन्होंने दोबारा बनाम बनाना शुरू कर दिया.
पेंटिंग छोड़ बनाम बनाने में लगा मन
दुर्गा प्रसाद बताते हैं कि पेंटिंग के काम में आमदनी सीमित थी और कई बार दूसरों के काम पर निर्भर रहना पड़ता था. लेकिन बनाम बनाने के काम में उन्हें आत्मसंतुष्टि के साथ अच्छी कमाई भी हो रही है. वह अलग-अलग मेलों में अपने बनाम की बिक्री करते हैं. एक मेले में करीब 50 से 100 बनाम तक बिक जाते हैं. इनकी कीमत 500 रुपये से लेकर 3,000 रुपये तक होती है. एक बनाम तैयार करने में साइज अनुसार उन्हें लगभग 3 से 5 दिन का समय लगता है. आज उनके समाज के लोग भी इस पारंपरिक वाद्य यंत्र को खरीदने में रुचि दिखा रहे हैं और हर मेले में औसत 50 बनाम कि बिक्री हो जाती है जिससे सलाना लाख रूपये से अधिक की आमदनी हो जाती है
दिल्ली से रांची तक लगा चुके हैं स्टॉल
अपनी कला को देशभर में पहचान दिलाने के लिए दुर्गा प्रसाद लगातार प्रयास कर रहे हैं. उन्हें बड़े-बड़े मेलों में अपनी कला प्रदर्शित करने का मौका मिलता है. भारत सरकार की जनजातीय संस्था के माध्यम से वह दिल्ली के प्रगति मैदान और दिल्ली हाट में तीन-चार बार अपना स्टॉल लगा चुके हैं. इसके अलावा रांची में भी अपने बनाम की प्रदर्शनी और बिक्री कर चुके हैं. उनका प्रयास है कि आदिवासी समाज के इस पारंपरिक वाद्य यंत्र की पहचान देश-विदेश तक पहुंचे.
बच्चों को मुफ्त में सिखाते हैं बनाम बनाना और बजाना
दुर्गा प्रसाद का मकसद सिर्फ कारोबार करना नहीं, बल्कि अपनी संस्कृति और पुरखों की विरासत को बचाए रखना भी है. इसके लिए वह स्कूल भी चलाते हैं और बच्चों को बनाम बनाने तथा बजाने की कला निशुल्क सिखाते हैं. उनका कहना है कि आज की युवा पीढ़ी को अपने पूर्वजों से मिली पारंपरिक कला और तकनीक को नहीं भूलना चाहिए. भले ही हम कोई नई चीज न बना पाएं, लेकिन पुरखों की दी हुई विरासत को खोने नहीं देना चाहिए. अगर नई पीढ़ी इसे नहीं अपनाएगी, तो धीरे-धीरे यह कला समाप्त हो सकती है. इसलिए जरूरी है कि इस परंपरा को लगातार आगे बढ़ाया जाए.
About the Author
प्रसून सिंह को मीडिया में 7 साल काम करने का अनुभव है. खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रोचक अंजाद में पेश करना खासियत है. दैनिक भास्कर अखबार में इंटर्नशिप के साथ करियर की शुरुआत हुई.
इसके बाद ETV Bharat (बिहार)…