Last Updated:
Deoghar Pink Guava Cultivation Tips: देवघर के किसान ताइवान पिंक अमरूद की खेती कर बेहतर मुनाफा कमा सकते हैं. कृषि विशेषज्ञ वकील यादव के अनुसार, इसकी बाजार में भारी मांग है और एक पौधे से अच्छी आमदनी होती है. उन्होंने इसकी खेती करने के लिए जरूरी टिप्स भी दिए.
देवघर. सर्दियों का मौसम शुरू होते ही बाजार में ताजे फलों की मांग बढ़ जाती है. ऐसे में अगर किसान पारंपरिक खेती के साथ कुछ नया करने की सोच रहे हैं, तो अमरूद की खेती उनके लिए कमाई का अच्छा विकल्प बन सकती है. खासकर ताइवान पिंक अमरूद इन दिनों अपनी खास बनावट, बड़े आकार और गुलाबी गूदे की वजह से लोगों को खूब पसंद आ रहा है. बाहर से देखने में यह अमरूद सामान्य हरे अमरूद जैसा लगता है, लेकिन जैसे ही इसे काटते हैं, अंदर का खूबसूरत गुलाबी गूदा लोगों का ध्यान खींच लेता है. इसका स्वाद भी काफी लाजवाब होता है. यही वजह है कि बाजार में इसकी मांग अच्छी रहती है और किसान इसकी खेती से बेहतर मुनाफा कमा सकते हैं.
क्या कहते हैं कृषि विशेषज्ञ
देवघर के कृषि विशेषज्ञ वकील यादव बताते हैं कि झारखंड की जलवायु में अमरूद की कई किस्मों की खेती अच्छी तरह की जा सकती है. यहां के किसान वीएनआर, एल-49, ताइवान पिंक और इलाहाबादी सफेदा जैसी किस्मों को लगा सकते हैं. हालांकि, इन सभी किस्मों में ताइवान पिंक अमरूद की बाजार में अच्छी मांग देखने को मिलती है. इसकी सबसे बड़ी खासियत इसका बड़ा आकार, बेहतरीन स्वाद और अंदर से गुलाबी गूदा होना है. देखने में आकर्षक होने के कारण ग्राहक इसे दूसरे अमरूद की तुलना में अधिक पसंद करते हैं. ऐसे में किसान इसकी खेती करके स्थानीय बाजार में अपनी अलग पहचान बना सकते हैं.
कैसे करें ताइवान पिंक अमरूद की खेती?
कृषि विशेषज्ञ के अनुसार, इसकी खेती शुरू करने के लिए सबसे पहले खेत की अच्छी तरह तैयारी करनी चाहिए. पौधे लगाने के लिए करीब 2×2×2 फीट का गड्ढा खोदना जरूरी है. इसके बाद गड्ढे में सड़ी हुई गोबर की खाद, वर्मीकम्पोस्ट, नीम की खली और थोड़ी उपयुक्त खाद को खेत की मिट्टी के साथ मिलाकर भर देना चाहिए. इसके बाद तैयार गड्ढे में अमरूद का स्वस्थ पौधा लगाएं. पौधों के बीच करीब 8 फीट की दूरी रखनी चाहिए, ताकि पौधों को फैलने और बढ़ने के लिए पर्याप्त जगह मिल सके. एक एकड़ जमीन में जगह और रोपण पद्धति के अनुसार लगभग 500 से 1000 पौधे लगाए जा सकते हैं.
एक पौधे से 20 किलो तक उत्पादन, 45 रुपये किलो तक कीमत
अब बात करें कमाई की, तो ताइवान पिंक अमरूद की खेती में किसानों को अच्छी आमदनी की संभावना रहती है. कृषि विशेषज्ञ वकील यादव बताते हैं कि एक विकसित पौधे से करीब 15 से 20 किलो तक अमरूद का उत्पादन हो सकता है. बाजार में इसकी कीमत लगभग 45 रुपये प्रति किलो तक मिल जाती है. इस हिसाब से एक पौधे से ही 675 से 900 रुपये तक की बिक्री हो सकती है. हालांकि, वास्तविक उत्पादन और कीमत पौधे की उम्र, देखभाल, मौसम और बाजार की मांग पर निर्भर करती है.
समय-समय पर करें सिंचाई
सर्दियों के मौसम में अमरूद के पौधों की देखभाल भी बेहद जरूरी है. छोटे पौधों को अधिक ठंड और पाले से बचाना चाहिए. समय-समय पर खेत की मिट्टी की नमी जांचते रहें और जरूरत के अनुसार सिंचाई करें. पौधों के आसपास खरपतवार नहीं पनपने दें तथा सूखी और रोगग्रस्त टहनियों की छंटाई करते रहें. सही दूरी, संतुलित खाद-पानी और समय पर देखभाल से पौधों का विकास बेहतर होता है.
About the Author
Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…